क्रिकेटर्स के लगातार चोटिल होने से BCCI परेशान: सेक्रेटरी सैकिया की COE हेड लक्ष्मण के साथ रिव्यू मीटिंग, प्लेयर्स की रिकवरी पर फोकस
Published: Updated:
4 min read

इस समय टीम इंडिया से जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण बाहर हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया इन दिनों क्रिकेटर्स के लगातार चोटिल होने से काफी परेशान है। एक के बाद एक कई अहम खिलाड़ी चोटिल होकर टीम से बाहर हो रहे हैं। इसी को देखते हुए BCCI सचिव देवजीत सैकिया रविवार को बेंगलुरु जाएंगे।
वहां वे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के हेड VVS लक्ष्मण के साथ रिव्यू मीटिंग करेंगे, जिसमें चोटिल प्लेयर्स की फिटनेस और उनकी वापसी को लेकर चल रहे काम की जानकारी लेंगे। इस बैठक में यह समझने की कोशिश होगी कि खिलाड़ी कब तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौट सकते हैं।
बुमराह से लेकर सुदर्शन तक, कई खिलाड़ी बाहर
इस समय जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर चोट के चलते टीम से बाहर हैं। बुमराह के घुटने में सूजन है, जबकि सुदर्शन के बाएं पैर के अंगूठे में चोट लगी है। हर्षित और नीतीश हैमस्ट्रिंग से जूझ रहे हैं।
वहीं, वॉशिंगटन सुंदर की जांघ की मांसपेशी में चोट है। आकाश दीप भी काफी समय से टीम से बाहर हैं। उनकी कमर के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर है। वह बंगाल के रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में हार के बाद से मैदान पर नहीं उतरे हैं।

हार्दिक, वरुण और प्रिंस भी चोट से परेशान
टेस्ट टीम के अलावा भारत के कुछ व्हाइट-बॉल प्लेयर्स भी इस समय बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में हैं। हार्दिक पंड्या की जांघ की मांसपेशी में चोट है। वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव भी हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं।
इन सभी खिलाड़ियों की फिटनेस पर COE की स्पोर्ट्स साइंस टीम काम कर रही है। हालांकि, इस टीम पर पहले से ही काफी काम का दबाव है। 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से इस विभाग का कोई प्रमुख भी नहीं है।

बुमराह और सुदर्शन को लेकर क्यों बदला प्लान?
बुमराह और सुदर्शन को टीम में फिटनेस के आधार पर जगह मिली थी। उम्मीद थी कि दोनों में से कम से कम एक खिलाड़ी दो टेस्ट मैचों में से किसी एक में खेल सकता है। लेकिन बाद में दोनों की चोट को देखते हुए COE की टीम ने जोखिम नहीं लेने का फैसला किया।
बुमराह की चोट के बाद उनके घुटने में पानी जमा होने की समस्या सामने आई है। इसलिए उन्हें ठीक होने में अभी थोड़ा और समय लगेगा। सुदर्शन भी पिछले कुछ समय से रोज करीब 75 मिनट बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन उनके पैर के अंगूठे का दर्द अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है।
नीतीश रेड्डी ने रफ्तार बढ़ाई तो बढ़ गई चोट
नीतीश रेड्डी अपनी गेंदबाजी की रफ्तार 7 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग और जांघ की मांसपेशी पर ज्यादा दबाव पड़ गया और वह चोटिल हो गए।

खिलाड़ियों की चोट को लेकर उठ रहे सवाल
टीम में अब खिलाड़ियों की चोट संभालने के तरीके को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि COE और सेलेक्शन कमेटी के बीच खिलाड़ियों की वापसी की तारीख को लेकर हमेशा एक जैसी राय नहीं रही। कुछ खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट होने से पहले ही रिलीज किए जाने की बात भी सामने आई है। हर्षित राणा का इंग्लैंड दौरे पर ज्यादा वजन के साथ पहुंचना भी पसंद नहीं आया था।
बुमराह और सुदर्शन के मामले में भी सिलेक्टर को शुरुआत में बताया गया था कि दोनों कम से कम एक टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। लेकिन बाद में उनकी इंजरी की स्थिति को देखते हुए तस्वीर बदल गई।

अब सैकिया और लक्ष्मण करेंगे रिव्यू मीटिंग
BCCI सचिव देवजीत सैकिया और VVS लक्ष्मण रिव्यू मीटिंग में हर बात की जानकारी लेंगे। हालांकि यह भी साफ नहीं है कि टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर इस मीटिंग में ऑनलाइन जुड़ेंगे या नहीं।
बैठक में टीम और खिलाड़ियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बात हो सकती है। बाद टीम इंडिया के चोटिल खिलाड़ियों की वापसी को लेकर कुछ तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत उत्तराखंड लौटेंगे : 3 साल से जमीन की तलाश, CM धामी से मांगी मदद; बोले- गिफ्ट नहीं, सरकारी रेट पर जमीन खरीदूंगा

