रोहित शर्मा टीम से बाहर नहीं होंगे: हाई-लेवल मीटिंग के बाद BCCI सेक्रेटरी बोले- वे शानदार खेल रहे, अटकलें लगाने की जरूरत नहीं
Published: Updated:
4 min read

रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले लिया है। वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लेकर बयान दिया है। उन्होंने हाई-लेवल मीटिंग के बाद कहा कि रोहित अभी शानदार खेल रहे हैं। उनको लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाने की जरूरत नहीं है। सैकिया के बयान से साफ है कि रोहित शर्मा टीम में खेलते रहेंगे।
अगरकर मीटिंग में शामिल नहीं हुए
दरअसल, गुरुवार (3 सितंबर) को BCCI की मीटिंग हुई। इसमें अध्यक्ष मिथुन मन्हास और सेक्रेटरी सैकिया के अलावा हेड कोच गौतम गंभीर, COE के हेड वीवीएस लक्ष्मण, टेस्ट-वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी शामिल हुए थे।
खास बात यह भी रही कि चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का इसी महीने कार्यकाल खत्म हो रहा है। उनको लेकर भी मीटिंग में चर्चा हुई, लेकिन अगरकर इस मीटिंग में शामिल नहीं हुए।

मीटिंग में रोहित को लेकर भी चर्चा हुई
दरअसल, 39 साल के रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले लिया है। वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। हाल ही में यह खबरें आने लगी थी कि सिलेक्शन कमेटी रोहित को फ्यूचर प्लानिंग में रखना नहीं चाह रही है। ऐसे में रोहित जल्द ही संन्यास ले सकते हैं।
इस हाई-लेवल मीटिंग से पहले भी खबरें आई थीं कि इस बैठक में रोहित के फ्यूचर को लेकर चर्चा होगी। अब मीटिंग के बाद सैकिया के बयान ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के आखिर में होने वाला है। तब तक रोहित 40 साल के हो जाएंगे। फिलहाल, भारतीय बोर्ड ने रोहित को सपोर्ट किया है। हालांकि वर्ल्ड कप के लिए उनकी फॉर्म और फिटनेस काफी मायने रखेगी।
ये भी पढ़ें: बाबर आजम को तीसरे टेस्ट से पहले बुखार: रिजवान-इमाम को चुनने के लिए सिलेक्शन कमेटी को नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा
लॉर्ड्स वनडे के बाद संन्यास लेने वाले थे रोहित?
एक न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि इस साल 2026 के शुरुआत में सिलेक्शन कमेटी ने रोहित को मैसेज किया था कि वे अब वनडे वर्ल्ड कप की प्लानिंग में नहीं हैं। कमेटी अब यशस्वी जायसवाल जैसे दूसरे ओपनर्स के बारे में सोच रही है।
कमेटी के इस मैसेज के बाद रोहित को गुस्सा जरूर आया था, लेकिन फिर वे संन्यास के लिए तैयार हो गए थे। यहां तक दावा किया गया था कि लॉर्ड्स में 19 जुलाई को रोहित अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलेंगे।
उस दौरान भी सैकिया ने मामला संभाला और इन रिपोर्ट्स का खंडन किया था। उन्होंने कहा था कि रोहित शर्मा तब तक टीम में खेलते रहेंगे, जब तक वे फ्यूचर प्लानिंग का हिस्सा रहेंगे।

जब तक खेलूंगा, तब तक शोर होता रहेगा
लॉर्ड्स मैच के बाद BCCI ने रोहित का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें रोहित ने कहा था- मेरा काम बैटिंग करना है। मैदान पर उतरना और अपने देश को रिप्रेजेंट करना है। डेब्यू के समय से मुझे यही बताया गया था। मैं आगे भी यही करता रहूंगा।
उन्होंने कहा था- जब से मैंने डेब्यू किया है, तब से कई तरह का शोर होता रहा है। जब तक मैं खेलूंगा, तब तक यह शोर होता रहेगा। अगर शोर नहीं होगा, तो मजा नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है। बाहर क्या हो रहा है, वह दूसरों का काम है। मेरा पूरा फोकस टीम की सक्सेस में कंट्रीब्यूट करने पर रहता है।
लॉर्ड्स वनडे में 388 रन के टारगेट का पीछा करते हुए रोहित ने 110 गेंदों में 138 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 5 सिक्स लगाए। हालांकि भारतीय टीम 7 विकेट पर 360 स्कोर ही बना सकी और 27 रन से मैच गंवा दिया था।

