बाबर आजम को तीसरे टेस्ट से पहले बुखार: रिजवान-इमाम को चुनने के लिए सिलेक्शन कमेटी को नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम ने चोट के चलते सीरीज का पहला टेस्ट नहीं खेला था। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बाबर ने 8 और 6 रन बनाए। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में इस समय काफी कुछ हलचल चल रही है। इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 7 खिलाड़ियों और 2 कोच को वापस बुला लिया है। टीम को 9 सितंबर से आखिरी यानी तीसरा टेस्ट खेलना है, उससे पहले कप्तान बाबर आजम को बुखार आ गया।
बाबर को बुखार
पाकिस्तानी जियो न्यूज के मुताबिक, टीम मैनेजर नवीद अकरम चीमा ने यह कन्फर्म किया है। उन्होंने यह भी बताया है कि बाबर पूरी तरह फिट हैं, सिर्फ उन्हें बुखार है। तीसरे टेस्ट से पहले उनकी तबीयत ठीक होने की उम्मीद है।
चोट के चलते बाबर ने सीरीज का पहला टेस्ट नहीं खेला था। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बाबर ने 8 और 6 रन बनाए। तीन टेस्ट की सीरीज को इंग्लैंड ने 2-0 से जीत लिया है। अब पाकिस्तान टीम तीसरा टेस्ट जीतकर क्लीन स्वीप से बचने की कोशिश में है।
सिलेक्शन कमेटी को नोटिस
दूसरी ओर तीसरे टेस्ट से पहले PCB ने खराब प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान टीम के 7 प्लेयर्स और 2 कोच को वापस बुला लिया है। इसी बीच बोर्ड ने सिलेक्शन कमेटी को कारण बताओ नोटिस दिया है और 24 घंटे में जवाब मांगा है।

यह नोटिस इमाम उल हक और मोहम्मद रिजवान के सिलेक्शन को लेकर दिया है। PCB ने सिलेक्शन कमेटी से जवाब मांगा है कि आखिर किस बिनाह पर इन दोनों प्लेयर्स का इंग्लैंड दौरे के लिए सिलेक्शन किया था।
ये भी पढ़ें: PCB ने आधे दौरे में आधी टीम वापस बुलाई: कोच सरफराज-गुल भी बाहर; 7 नए प्लेयर और कोच 3 सितंबर को इंग्लैंड पहुंचेंगे
आकिब जावेद ने जिम्मेदारी ली
नेशनल सिलेक्टर आकिब जावेद ने इस पूरे मामले की जिम्मेदारी ली है। साथ ही बीच सीरीज में हुए इन 7 बदलावों को भी सही बताया है। उन्होंने जियो न्यूज के एक प्रोग्राम में इमाम की फेक इंजरी को लेकर कहा कि खिलाड़ी पहले भी प्लास्टर लगाकर खेलते रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और इस पर कार्रवाई की जाएगी।
इन विवादों के बीच पूर्व क्रिकेटर मिस्बाह उल हक ने PCB की सिलेक्शन कमेटी से इस्तीफा देने का मन बना लिया है। यह दावा भी जियो न्यूज ने ही किया है। सोर्स की मानें तो मिस्बाह ने बोर्ड अधिकारियों को अपने फैसले के बारे में बता दिया है। उन्होंने कहा है कि वे रिजाइन देकर नोटिस पीरियड सर्व करेंगे।

