पाकिस्तान टीम के सामने 'शर्म करो' के नारे: किंग चार्ल्स से मीटिंग में टीम से बाहर किए प्लेयर्स को भी बुलाया, कुछ ने साफ मना कर दिया
Published: Updated:
3 min read

PCB को टीम से बाहर किए खिलाड़ियों को भी क्लेरेंस हाउस में किंग चार्ल्स III के साथ मीटिंग के लिए बुलाना पड़ा। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान लगातार अपनी फजीहत करवाता नजर आ रहा है। नौबत यहां तक आ गई कि लंदन में ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी और खिलाड़ियों के सामने फैन्स ने 'शर्म करो' (Shame on you) के नारे लगाए। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
दूसरी ओर PCB एक और मुश्किल में फंसती दिखी। उसने सीरीज के आखिरी यानी तीसरे टेस्ट से पहले 7 खिलाड़ी और 2 कोच को टीम से बाहर कर दिया। इसके बाद किंग चार्ल्स III से मीटिंग के लिए फुल स्क्वॉड को लाने की दिक्कत हो गई, क्योंकि रिप्लेस किए प्लेयर इंग्लैंड नहीं पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें: बाबर आजम को तीसरे टेस्ट से पहले बुखार: रिजवान-इमाम को चुनने के लिए सिलेक्शन कमेटी को नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा
बाहर हुए 4 ही खिलाड़ी मीटिंग में पहुंचे
'द टेलीग्राफ' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे में PCB को टीम से बाहर किए खिलाड़ियों को भी क्लेरेंस हाउस में किंग चार्ल्स III के साथ मीटिंग के लिए बुलाना पड़ा। इसमें भी दिक्कत हुई कि कई प्लेयर्स ने तो विरोध जताते हुए आने से ही साफ मना कर दिया। हालांकि अली उस्मान, आमिर जमाल, खुर्रम शहजाद और मोहम्मद अवैस जफर मीटिंग में पहुंचे थे।
वीडियो सोर्स- सोशल मीडिया।
शर्म करो के नारे भी लगे
सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें फैन्स पाकिस्तानी खिलाड़ियों और PCB चीफ नकवी के सामने शर्म करो के नारे लगाते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि जब नकवी और पाकिस्तान टीम किंग चार्ल्स से मुलाकात के लिए जा रहे थे, उसी दौरान यह नारे लगे।
इस दौरान फैन्स ने खासकर नकवी को निशाना बनाया। कई ने तो साफ तौर पर नकवी का नाम लेकर नारे लगाए। हालांकि नकवी समेत पाकिस्तानी प्लेयर्स ने इस पर रिएक्शन नहीं दिया और वे सभी आगे बढ़ गए।
9 सितंबर को तीसरा टेस्ट
दरअसल, तीन टेस्ट की सीरीज को इंग्लैंड ने 2-0 से पहले ही जीत लिया है। अब पाकिस्तान टीम तीसरा टेस्ट जीतकर क्लीन स्वीप से बचने की कोशिश में है। टीम को 9 सितंबर से आखिरी यानी तीसरा टेस्ट खेलना है।
इससे पहले PCB ने ओपनर इमाम उल हक, अवैस जफर, विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान, ऑलराउंडर सलमान अली आगा, आमिर जमाल, लेफ्ट-आर्म स्पिनर अली उस्मान और राइट-आर्म स्पिनर खुर्रम शहजाद को तीसरे टेस्ट से बाहर किया है।
इनकी जगह टॉप ऑर्डर में सईम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, ऑलराउंडर अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान, रजाउल्लाह, पेसर मोहम्मद इमरान जूनियर, विकेटकीपर साद बैग को टीम में शामिल किया गया है।

