यशस्वी को पसंद नहीं आई हर्षा की सलाह: फर्नांडों के साथ विवाद पर कहा- जब मामला पता ना हो तो जजमेंट नहीं देना चाहिए
Published: Updated:
5 min read

भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 5 विकेट पर 300 रन बनाए। (फोटो सोर्स -@bcci)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। इस बीच भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। कभी वह सामने वाले श्रीलंकाई प्लेयर को रोस्ट करते नजर आते हैं, तो कभी यही चीज उनके सामने भी आ जाती है।
गाले टेस्ट में यशस्वी ने श्रीलंकाई बैटर निरोशन डिकवेला को बड़े शॉट खेलने के लिए प्रोवोक किया था, लेकिन कोलंबो टेस्ट में कहानी पलट गई। इस बार श्रीलंकाई पेसर असिथा फर्नांडो ने यशस्वी को सेंडऑफ दिया। इसके बाद दोनों के बीच मैदान पर तीखी बहस हो गई।
इसी मामले को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने यशस्वी को एडवाइस दी। लेकिन लगता है कि यशस्वी को यह एडवाइस कुछ खास पसंद नहीं आई। उन्होंने हर्षा भोगले की पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए साफ कहा कि पूरी बात जाने बिना किसी को जजमेंट नहीं देना चाहिए।
यशस्वी ने लिखा- अगर आपको नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा था, तो प्लीज अपना जजमेंट मत बनाइए। अगर कोई लाइन क्रॉस करता है, तो हमें उसे बताना होगा। ये इंडिया लड़ेगा और जवाब देगा।
पहले गाले टेस्ट को यह वीडियो देखें
गाले में यशस्वी Vs डिकवेला
पहले किस्सा गाले टेस्ट का। भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी। श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला था और टीम 142 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी।
उस समय निरोशन डिकवेला और सोनल दिनुषा क्रीज पर थे। भारत को एक और विकेट की तलाश थी। तभी यशस्वी जायसवाल ने डिकवेला से बातचीत शुरू की और उन्हें बड़ा शॉट खेलने के लिए उकसाने लगे।
वायरल वीडियो में यशस्वी मजाकिया अंदाज में कहते सुनाई दिए, “एक सिक्स लगाओ, मैं तुम्हें IPL में ले जाऊंगा।” डिकवेला ने तुरंत बड़ा रिस्की शॉट खेलने से इनकार कर दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद तस्वीर बदल गई।
ये भी पढ़े: टीम इंडिया टेस्ट में स्ट्रगल नहीं कर रही: गंभीर बोले- मुझे ट्रॉफी से मतलब, लाइक्स और व्यूज से नहीं; श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट 23 से
फिर उसी ओवर में डिकवेला का काम तमाम
प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर की आखिरी गेंद पर डिकवेला ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई और डिकवेला पवेलियन लौट गए। यानी यशस्वी ने जिस शॉट के लिए डिकवेला को उकसाया था, आखिरकार वही कोशिश उनके विकेट की वजह बन गई। दूसरे टेस्ट में मामला अलग नजर आया।
यह वीडियो देखें
कोलंबो में यशस्वी Vs असिथा फर्नांडो
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इस बार यशस्वी बैटिंग कर रहे थे। असिथा फर्नांडो के ओवर में उन्होंने लगातार 3 चौके लगाए, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर फर्नांडो ने यशस्वी को आउट कर दिया। विकेट लेने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज ने यशस्वी को सेंडऑफ दिया। यशस्वी इससे नाराज हो गए।
इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई। दोनों आमने-सामने आ गए और मामला इतना बढ़ गया कि श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डि सिल्वा समेत बाकी खिलाड़ियों को बीच में आकर दोनों को अलग करना पड़ा।
जडेजा की नसीहत
अब इस पूरे मामले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने यशस्वी को ही नसीहत दे डाली है। उन्होंने कहा कि मैदान पर बैंटर और मजाक खेल का हिस्सा है, लेकिन इसकी भी एक सीमा होनी चाहिए।
जडेजा ने कहा- अगर कोई खुद पर हंस नहीं सकता, तो उसे दूसरों पर भी नहीं हंसना चाहिए। अगर आप अपनी कही बात वापस नहीं ले सकते, तो मैदान पर दूसरों से भी ऐसी बात मत कहिए।
जडेजा ने यह भी याद दिलाया कि पिछले टेस्ट में जायसवाल खुद फील्डिंग के दौरान श्रीलंका के बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को उकसाते नजर आए थे। इसलिए उनके मुताबिक खिलाड़ियों को दोनों तरफ से एक जैसी मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
हर्षा भोगले ने भी उठाया सवाल
मैच के बाद कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस घटना पर अपनी राय रखी। उन्होंने यशस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी पहचान एग्रेसिव होकर जवाब देने से ज्यादा दमदार बैटिंग होनी चाहिए। भोगले ने माना कि यशस्वी को प्रोवोक किया गया था, लेकिन दोनों खिलाड़ी इस दौरान कुछ ज्यादा ही करीब आ गए।

अब यशस्वी ने खुद क्रिटिक्स को दिया जवाब
लगातार हो रही आलोचना के बीच यशस्वी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। हर्षा भोगले की पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए भारतीय ओपनर ने कहा कि पूरी बात जाने बिना किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए।
यशस्वी ने लिखा- अगर आपको नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा था, तो प्लीज अपना जजमेंट मत बनाइए। अगर कोई लाइन क्रॉस करता है, तो हमें उसे बताना होगा। ये इंडिया लड़ेगा और जवाब देगा।
यानी यशस्वी ने साफ कर दिया है कि जरूरत पड़ने पर वह मैदान के बाहर होने वाली क्रिटिसिज्म का जवाब देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
ये भी पढ़े: सचिन Vs विराट, टेस्ट में कौन बेस्ट?: डिविलियर्स ने कोहली को चुना, बोले- वे विदेशी पिचों पर तेंदुलकर से बेहतर

