सचिन Vs विराट, टेस्ट में कौन बेस्ट?: डिविलियर्स ने कोहली को चुना, बोले- वे विदेशी पिचों पर तेंदुलकर से बेहतर
Published: Updated:
3 min read

विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट से रिटायरमेंट ले लिया था। वह भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में से एक रहे और टेस्ट क्रिकेट में भारत के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली में टेस्ट क्रिकेट का बेहतर बल्लेबाज कौन है? इस सवाल का जवाब साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने दिया है। डिविलियर्स ने अपने पूर्व RCB साथी विराट कोहली को सचिन से बेहतर बताया है, खासकर उछाल और स्विंग वाली विदेशी पिचों पर। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि सचिन ने सबसे पहले भारतीय बल्लेबाजों को ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा खेलने का भरोसा दिया था।
डिविलियर्स ने किसे चुना?
सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट के महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। वह करीब 13 साल पहले टेस्ट से रिटायर हुए थे, लेकिन आज भी उनके कई रिकॉर्ड कायम हैं। इसके बावजूद AB डिविलियर्स का मानना है कि विदेशी परिस्थितियों में विराट कोहली का प्रदर्शन ज्यादा दमदार रहा।
डिविलियर्स ने अपने YouTube चैनल पर कहा- सचिन ने सबसे पहले यह दिखाया कि उछाल और स्विंग वाली मुश्किल पिच पर भी भारतीय बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। विराट ने इस सिलसिले को आगे बढ़ाया और प्रदर्शन का स्तर और ऊंचा कर दिया। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में किसका रिकॉर्ड बेहतर?
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की पिच पर तेज गेंदबाजों को अक्सर उछाल और सीम मिलती है। इसलिए इन देशों में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होता। सचिन ने इन दोनों देशों में 35 मैचों में 2,970 रन बनाए और उनका औसत 50.33 रहा।
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में 27 मैच खेले और 2,433 रन बनाए। इन दोनों देशों में उनका बल्लेबाजी औसत 47.7 रहा। यानी आंकड़ों में सचिन यहां भी आगे हैं। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों के दौर के गेंदबाजों और टीमों की तुलना अलग-अलग तरीके से की जा सकती है।
केएल राहुल को भी दी सलाह
AB डिविलियर्स ने भारतीय बल्लेबाज KL राहुल को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राहुल की तकनीक अच्छी है और वह इंडियन टीम के लिए काफी काम के खिलाड़ी हैं। लेकिन विदेशों में राहुल का टेस्ट औसत सिर्फ 34 है, इसलिए उनसे ज्यादा बड़ी पारी की उम्मीद रहती है।
डिविलियर्स ने आगे कहा- राहुल अगर क्रीज पर टिक जाते हैं तो उन्हें बड़ी पारी खेलनी चाहिए। उनके मुताबिक, राहुल को सिर्फ शतक तक नहीं रुकना चाहिए, बल्कि 180 रन जैसी बड़ी पारी खेलने की कोशिश करनी चाहिए। टेस्ट में नई गेंद के खिलाफ कभी भी विकेट गिर सकता है, इसलिए जब बल्लेबाज जम जाए तो उसे मौके का पूरा फायदा उठाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: WTC में टीम इंडिया को 5.18% का फायदा: अब भी फाइनल की राह मुश्किल, 8 में से 5 टेस्ट जीतना जरूरी; देखें सिनेरियो

टेस्ट में सचिन के आंकड़े विराट से काफी आगे
अगर पूरे टेस्ट कॅरियर के आंकड़ों की बात करें तो सचिन तेंदुलकर साफ तौर पर विराट कोहली से आगे हैं। सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 53.78 रहा।
वहीं विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 9,230 रन बनाए। उनका औसत 46.85 रहा। विराट ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा और वह 10,000 टेस्ट रन पूरे करने से पहले ही रुक गए। टेस्ट क्रिकेट में सचिन के नाम 51 शतक हैं, जबकि विराट इस आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।

