मानव सुथार के दूसरे ही टेस्ट में 10 विकेट: यह रिकॉर्ड बनाने वाले यंगेस्ट भारतीय स्पिनर बने; उनके नाम लगातार 2 टेस्ट में 5 विकेट
Published: Updated:
4 min read

भारत के यंग लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट से डेब्यू किया था। (फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका को 165 रन से हराया। मैच में स्पिनर मानव सुथार ने 10 (4+6) विकेट लिए। इस परफॉर्मेंस के बाद सोशल मीडिया पर भी उनकी तारीफ हो रही है। फैन्स उन्हें ‘जेम’ (रत्न) बता रहे हैं। साथ ही टीम इंडिया में उन्हें ज्यादा मौके देने की मांग भी हो रही है।
भारत के पास लंबे समय से रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसे बेस्ट स्पिनर्स रहे हैं। अश्विन अब रिटायर हो चुके हैं। वहीं जडेजा भी अपने कॅरियर के आखिरी दौर में हैं। मानव सुथार आगे विरासत संभाल सकते हैं।

मानव सुथार ने रिकॉर्ड बनाया
मानव सुथार विदेशी टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले 7वें भारतीय स्पिनर बन गए हैं। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन, बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना, भागवत चंद्रशेखर, अनिल कुंबले और हरभजन सिंह यह कारनामा कर चुके हैं। मानव की उम्र 24 साल 16 दिन है। वह इस लिस्ट में 28 साल की उम्र से पहले 10 विकेट लेने वाले इकलौते स्पिनर हैं।
पहले 2 टेस्ट में 5 विकेट हॉल
भारत के लिए अपने पहले 2 टेस्ट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने वालों में भी मानव सुथार शामिल हो गए हैं। नरेंद्र हिरवानी और अक्षर पटेल ने 3-3 बार, जबकि लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, मोहम्मद निसार और मानव सुथार ने 2-2 बार 5 विकेट हॉल लिया है।
सबसे कम टेस्ट में 10 विकेट
मानव ने सिर्फ 2 टेस्ट में अपना पहला 10 विकेट हॉल पूरा किया है। इस मामले में नरेंद्र हिरवानी सबसे आगे हैं। उन्होंने डेब्यू टेस्ट में ही 10 विकेट लिए थे। मानव के साथ लक्ष्मण शिवरामकृष्णन और अक्षर पटेल ने भी 2 टेस्ट में यह कारनामा किया है।
श्रीलंका के खिलाफ भी रिकॉर्ड
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले भारतीयों में अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने 2-2 बार, जबकि मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू, रविचंद्रन अश्विन और अब मानव सुथार ने 1-1 बार यह कारनामा किया है।

डेब्यू टेस्ट में ही 6 विकेट
मानव ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट से डेब्यू किया था। 23 साल के मानव ने इस मैच में 7 विकेट लिए थे। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट लिया था। इसके साथ वह डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 5+ विकेट लेने वाले 10वें भारतीय बॉलर और 7वें स्पिनर बने थे।
टेस्ट डेब्यू में दूसरा बेस्ट इंडियन परफॉर्मेंस
मानव ने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट लिए थे। यह किसी भारतीय की डेब्यू टेस्ट इनिंग में दूसरी बेस्ट परफॉर्मेंस है। उनसे आगे सिर्फ नरेंद्र हिरवानी हैं, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे।

अब मैच की बात करते हैं...
भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच 165 रन से जीत लिया। यह टीम इंडिया का 600वां टेस्ट था। जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मानव सुथार ने कुल 10 विकेट (4+6) लिए। वहीं पहली पारी में सेंचुरी लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत से WTC में भारत को 5.18% पॉइंट्स मिले।
इंडिया 600 टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम
यह भारत का 600वां टेस्ट था। इसके साथ भारत 600 टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम बन गई है। ओवरऑल सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाली टीमों में भारत तीसरे नंबर पर है। इंग्लैंड 1097 टेस्ट के साथ टॉप पर है। एशिया में भारत के बाद पाकिस्तान का नंबर आता है। पाकिस्तान ने अब तक 471 टेस्ट खेले हैं।

