इंडिया ने अपना 600वां टेस्ट 165 रन से जीता: श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 1-0 की बढ़त; मानव को 10 विकेट, पडिक्कल प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
4 min read

गाले टेस्ट जीतने के बाद भारतीय टीम को ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में 5.18% पॉइंट्स का फायदा हुआ। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज का पहला मैच 165 रन से जीत लिया है। यह टीम इंडिया का 600वां टेस्ट है। इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला टेस्ट गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ, जिसमें भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने 10 (4+6) विकेट लिए। पहली पारी में सेंचुरी लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के बदौलत ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में भारतीय टीम को 5.18% पॉइंट्स का फायदा हुआ। हालांकि टीम अब भी 5वें नंबर पर ही बरकरार है। जबकि श्रीलंका छठवें नंबर पर है।

टीम इंडिया 165 रन से जीती
मैच में भारतीय टीम ने 372 रन का टारगेट सेट किया था, जिसके जवाब में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 4 विकेट गंवाकर 84 रन बनाए थे। कप्तान धनंजय डि सिल्वा 31 और सोनल दिनुशा 25 रन बनाकर नाबाद थे, लेकिन 5वें दिन टीम एक बार फिर लड़खड़ा गई।
श्रीलंका टीम दूसरी पारी में सिर्फ 206 स्कोर ही बना सकी और 165 रन से मैच गंवा दिया। दिनुशा ने 84 और धनंजय ने 59 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बैटर फिफ्टी नहीं लगा सका। भारतीय टीम के लिए मानव सुथार ने 6 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली।
इंडिया पहली पारी में 462
गाले टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 462 रन बनाए। पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली। जबकि केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या ने 4, केशरा नुवंथा ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए।
श्रीलंका पहली पारी में 284
तीसरे दिन श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 पर ऑलआउट हुई। टीम इंडिया को 178 रन की बढ़त मिली। श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने 100 और निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली। भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली।
टीम इंडिया दूसरी पारी में 193
दूसरी पारी में भारतीय टीम 193 के स्कोर पर ऑलआउट हुई और पहली पारी में मिली लीड के आधार पर 372 रन का टारगेट सेट किया। पंत ने 69 बॉल पर 66 रन की पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने 44 और केएल राहुल ने 35 रन बनाए।
ये भी पढ़ें: सब तलवार चलाएंगे: गाले टेस्ट में पंत का जडेजा पर मजाकिया कमेंट, सरफराज बोले- सब मिल बांट के खाएंगे; VIDEO वायरल
इंडिया 600वां टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम
यह भारतीय टीम का 600वां टेस्ट था। इसी के साथ इंडिया 600 टेस्ट खेलने वाली एशिया की पहली टीम बन गई है। ओवरऑल सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाली टीम की लिस्ट में इंडिया तीसरे नंबर पर है। इस लिस्ट में इंग्लैंड टॉप पर है, जिसने 1097 टेस्ट खेले हैं। एशिया में इंडिया के बाद पाकिस्तान का दूसरा नंबर है, जिसने 471 टेस्ट खेले हैं।
गाले टेस्ट में दोनों प्लेइंग-11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका टीम: लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांडीमल, कामिन्दु मेंडिस, धनंजय डि सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।

