सब तलवार चलाएंगे: गाले टेस्ट में पंत का जडेजा पर मजाकिया कमेंट, सरफराज बोले- सब मिल बांट के खाएंगे; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत ने पहली पारी में 39 रन बनाए। स्पिनर मानव सुथार ने 4 विकेट लिए। (ANI Photo)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत के मजाकिया अंदाज से सभी वाकिफ हैं। वे मैच में कई बार वनलाइनर कहते हैं, जो काफी वायरल होते हैं। ऐसा ही कुछ श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट में भी देखने को मिला। श्रीलंका की पहली पारी में सबसे पहले सरफराज खान ने स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का हौसला बढ़ाने वाली बात कही।
इसके बीच में पंत ने एंट्री की और जडेजा के तलवार चलाने वाले जश्न को लेकर कमेंट किया। सरफराज और पंत का कमेंट स्टम्प माइक में रिकॉर्ड हुआ और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
सरफराज और पंत का कमेंट वायरल
दरअसल, पहली पारी में श्रीलंकाई टीम के 99 रन पर 5 विकेट थे। यहां तक जडेजा को सिर्फ एक ही विकेट मिला था। इसी बीच सब्स्टीट्यूट के तौर पर फील्डिंग कर रहे सरफराज ने जडेजा का हौसला बढ़ाते हुए कहा- 'अभी लंबा गेम है जड्डू भाई। मिल बांट के खाएंगे।'
सरफराज का कहना था कि अभी 5 ही विकेट गिरे हैं। पहली पारी के 5 और दूसरी पारी के 10 विकेट बाकी हैं। मिल बांटकर विकेट लेंगे।
यह कमेंट सुनकर पंत से रहा नहीं गया और उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- 'और सब तलवार चलाएंगे।' सरफराज और पंत का कमेंट स्टम्प माइक में रिकॉर्ड हुआ, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
इंडिया को पहली पारी 178 रन की लीड
गाले टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 462 रन बनाए। पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली। जबकि केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या ने 4, केशरा नुवंथा ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए।
इसके बाद टेस्ट के तीसरे दिन (17 अगस्त) श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 स्कोर पर ऑलआउट हुई। टीम इंडिया को पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त मिली।
श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने 100 रन की पारी खेली। जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए स्पिनर मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली।

