टेस्ट में 4000+ रन और 350+ विकेट: जडेजा ये रिकॉर्ड बनाने वाले चौथे प्लेयर; कपिल देव, इयान बॉथम और विटोरी के क्लब में शामिल
Published: Updated:
3 min read

श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट की पहली पारी में भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 350वां विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। उनके नाम टेस्ट में 4 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं। इसके साथ ही जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में 4000+ रन बनाने और 350+ विकेट लेने वाले वर्ल्ड के चौथे और दूसरे भारतीय बन गए हैं।
यह रिकॉर्ड अपने नाम कर वाले बाकी 3 क्रिकेटर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव, इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयान बॉथम और न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर डेनियल विटोरी हैं।
गाले टेस्ट में जडेजा ने ये रिकॉर्ड बनाया
इन चारों में कपिल देव और इयान बॉथम फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर रहे, जबकि विटोरी स्पिन ऑलराउंडर थे। जडेजा भी स्पिन ऑलराउंडर ही हैं। भारतीयों में सबसे ज्यादा 619 टेस्ट विकेट अनिल कुंबले ने लिए हैं। हालांकि बैटिंग में वे सिर्फ 2506 रन ही बना सके थे।
जडेजा ने यह रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ गाले टेस्ट की पहली पारी में बनाया है। इस दौरान उन्होंने 21 ओवर बॉलिंग की, जिसमें 57 रन देकर 3 विकेट लिए। दूसरा विकेट लेते ही उन्होंने 350 विकेट पूरे कर लिए थे।

एक नजर इन रिकॉर्ड्स पर भी...
- जडेजा 350 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले वर्ल्ड के तीसरे लेफ्ट-आर्म स्पिनर बन गए हैं। उनसे आगे पूर्व श्रीलंकाई रंगना हेराथ (433) और न्यूजीलैंड के पूर्व प्लेयर डेनियल विटोरी (362) हैं।
- सभी लेफ्ट-आर्म स्पिनर्स में बेस्ट स्ट्राइक रेट के मामले में जडेजा (58.1) दूसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे सिर्फ साउथ अफ्रीका के केशव महाराज (56.4) हैं। यह रिकॉर्ड 125 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले बॉलर्स का है।
- जडेजा 350 टेस्ट विकेट लेने वाले 5वें भारतीय बॉलर हैं। इस लिस्ट में अनिल कुंबले (619) टॉप पर हैं। उनके बाद रविचंद्रन अश्विन (537), कपिल देव (434) और हरभजन सिंह (417) हैं।
इंडिया को पहली पारी 178 रन की लीड
गाले टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 462 रन बनाए। पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली। जबकि केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या ने 4, केशरा नुवंथा ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए।
इसके बाद टेस्ट के तीसरे दिन (17 अगस्त) श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 स्कोर पर ऑलआउट हुई। टीम इंडिया को पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त मिली।
ये भी पढ़ें: सिर्फ फोटोशूट के लिए बुलाया है: कपिल देव को स्कूल प्रोग्राम में आया गुस्सा, बोले- यहां कोई सिस्टम ही नहीं है
श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने 100 रन की पारी खेली। जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए स्पिनर मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली।

