कोहली होते तो कोलंबो टेस्ट का रिजल्ट अलग हो सकता था: कैफ बोले- श्रीलंका को हल्के में ले लिया, भारतीय टीम में एनर्जी भी नहीं दिखी
Published: Updated:
3 min read

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। (फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने के बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने बयान दिया है। उनका मानना है कि अगर विराट कोहली इस मुकाबले में खेलते तो रिजल्ट अलग हो सकता था। टीम इंडिया में एनर्जी भी नहीं दिखी और ऐसा लग रहा था जैसे श्रीलंका को हल्के में ले लिया।
भारतीय टीम के पास टेस्ट के आखिरी दिन जीत हासिल करने का मजबूत मौका था। श्रीलंका की दूसरी पारी में सिर्फ 4 विकेट बाकी थे और टीम की बढ़त महज 16 रन थी। हालांकि, सोनल दिनुषा ने श्रीलंका को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाल दिया।
उन्होंने टीम का स्कोर 429/9 तक पहुंचाया और 216 रन की बढ़त के साथ पारी घोषित कर दी। इसके बाद दोनों टीमों ने हाथ मिलाकर मुकाबला ड्रॉ करने का फैसला किया।

कोहली टीम को लगातार एनर्जेटिक रखते- कैफ
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि टेस्ट क्रिकेट में खिलाड़ियों को लंबे समय तक पूरी तरह फोकस और एनर्जेटिक रहना पड़ता है। उनके मुताबिक विराट कोहली मैदान पर होते तो वह लगातार खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते और टीम को पूरी तरह स्विच्ड ऑन रखते।
कैफ ने कहा कि उन्हें कई मौकों पर ऐसा लगा कि भारतीय टीम ने श्रीलंका को हल्के में लिया। टीम को भरोसा था कि गेंद काफी टर्न हो रही है और लगातार गेंदबाजी करने से विकेट अपने आप मिल जाएगा।

'कोहली सोनल से भी भिड़ जाते'
कैफ ने भारतीय टीम की एनर्जी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम का एनर्जी लेवल काफी कम नजर आया और विराट कोहली मैदान पर होते तो स्थिति अलग होती। पूर्व भारतीय बल्लेबाज के मुताबिक कोहली लगातार सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों को एनर्जेटिक करते। साथ ही वह सोनल दिनुषा पर भी दबाव बनाने की कोशिश करते।
कैफ ने कहा कि भारतीय टीम ने मुकाबले में खुद से बहुत कम मौके बनाए और मैदान पर एनर्जी की कमी साफ नजर आई। उनके मुताबिक इसी वजह से अगर विराट कोहली यह टेस्ट खेल रहे होते तो नतीजा अलग हो सकता था।
2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं कोहली
विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले लिया था। इसके बाद वह सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं।

