पाकिस्तान की मैच बायकॉट की धमकी: ब्रिटिश चैनल ने इमरान के बेटों का इंटरव्यू टेलिकास्ट किया था; बातचीत के बाद PCB खेलने तैयार
Published: Updated:
4 min read

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान (बाएं) और सुलेमान खान। (फोटो सोर्स -सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान- इंग्लैंड के बीच 3 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस बीच एक कंट्रोवर्सी सामने आई है। वजह बनी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू। ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स ने लंच ब्रेक के दौरान इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान खान का करीब 18 मिनट का इंटरव्यू दिखाया।
इंटरव्यू से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने स्काई स्पोर्ट्स के खिलाफ ऑफिशियल कम्प्लेंट दर्ज कराई। इतना ही नहीं, PCB ने धमकी दी थी कि अगर यह इंटरव्यू लंच ब्रेक में दिखाया गया तो पाकिस्तान की टीम पोस्ट-लंच सेशन के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।
लॉर्ड्स के लॉन्ग रूम में इंटरव्यू
माइकल एथरटन ने इमरान खान के दोनों बेटों का यह 18 मिनट का इंटरव्यू टेस्ट मैच शुरू होने से एक दिन पहले लॉर्ड्स के लॉन्ग रूम में रिकॉर्ड किया था। इंटरव्यू में कासिम और सुलेमान खान ने पिता की बिगड़ती तबीयत को लेकर बात कर रहे थे।

इंटरव्यू को लेकर PCB नाराज
PCB को इंटरव्यू में पॉलिटिकल मुद्दों के शामिल होने पर आपत्ति थी। PCB ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा था कि इसे लाइव टेस्ट कवरेज के दौरान प्रसारित न किया जाए। अगर इंटरव्यू लंच ब्रेक में दिखाया गया तो पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर नहीं उतरेगी।
स्काई स्पोर्ट्स ने शुरुआत में इंटरव्यू को टाल दिया, लेकिन बाद में लंच ब्रेक के दौरान इसे प्रसारित कर दिया। इसके बाद PCB ने ब्रॉडकास्टर के खिलाफ ऑफिशियल कम्प्लेंट भी दर्ज कराई।
बायकॉट से पाकिस्तान का यू टर्न
इंटरव्यू प्रसारित होने के बाद पाकिस्तान अपनी बायकॉट की धमकी पर अमल नहीं कर पाया। टीम लंच के बाद दोबारा मैदान पर उतरी और टेस्ट मैच खेलना जारी रखा। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को भी PCB की कम्प्लेंट के बारे में जानकारी दी गई थी। वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में मैच का प्रसारण करने वाले ब्रॉडकास्टर ने यह इंटरव्यू नहीं दिखाया।
&imwidth=800&imheight=600&format=webp&quality=medium)
एथरटन भी इमरान के सपोर्ट वाले लेटर में शामिल
इमरान खान की हेल्थ को लेकर माइकल एथरटन समेत 21 पूर्व इंटरनेशनल कप्तानों ने पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ को लेटर लिखा है। इन पूर्व कप्तानों ने इमरान को बेहतर मेडिकल इलाज उपलब्ध कराने की अपील की है।
इस लेटर में भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल हैं। लेटर में इमरान खान की मेडिकल जांच, फैमिली से हर हफ्ते मीटिंग और जरूरत पड़ने पर तुरंत ट्रीटमेंट देने जैसी कई डिमांड की गई हैं।
अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान
इमरान खान करीब 3 साल से जेल में हैं। 73 साल के इमरान को अगस्त 2023 में तोशाखाना केस में सजा सुनाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें कई दूसरे केस में भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। तोशाखाना केस में उनकी एक सजा सस्पेंड हो चुकी है। दूसरे केस की वजह से उनकी जेल से रिहाई नहीं हो सकी है।

लॉर्ड्स में पाकिस्तान की परफॉर्मेंस
लॉर्ड्स में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। उंगली की चोट से वापसी करते हुए बाबर आजम भी प्लेइंग 11 में लौटे। बॉलिंग में मोहम्मद अब्बास ने 4 विकेट और मोहम्मद अली ने 3 विकेट लिए। खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक इंग्लैंड ने 56 ओवर में 248 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे।
इंग्लैंड के लिए जॉर्डन कॉक्स ने 55 और जेमी स्मिथ ने 61 रन बनाकर पारी को संभाला। पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया था। ऐसे में लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के लिए कमबैक करना बेहद जरूरी है।

