दलीप ट्रॉफी में जीशान, मुलानी और युद्धवीर पर नजर: टीम इंडिया में जगह बनाने का मौका; 30 अगस्त से सेमी. और 6 सितंबर से फाइनल
Published:
3 min read

दलीप ट्रॉफी का फाइनल 6 से 10 सितंबर के बीच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. दलीप ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट में नए टैलेंट को पहचान दिलाने का अच्छा प्लेटफॉर्म है। यहां डोमेस्टिक क्रिकेट के प्लेयर खुद को साबित करते हैं और सिलेक्टर्स की नजर में आते हैं। 2026 की दलीप ट्रॉफी में भी कुछ ऐसे बॉलर हैं, जिन पर सबकी नजर रहने वाली है।
इनमें जीशान अंसारी, शम्स मुलानी और युद्धवीर सिंह के नाम स्पेशल हैं। तीनों का डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा रिकॉर्ड है और अगर दलीप ट्रॉफी में इनकी परफॉर्मेंस अच्छी रही, तो आने वाले समय में टीम इंडिया का दरवाजा इनके लिए खुल सकता है।
जीशान अंसारी

उत्तर प्रदेश के जीशान अंसारी भारतीय क्रिकेट के लिए नया नाम नहीं हैं। वह 2016 की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा रह चुके हैं। उस टीम में ऋषभ पंत, ईशान किशन और सरफराज खान भी थे।
जीशान ने अपने क्रिकेट कॅरियर की शुरुआत छोटे फॉर्मेट से की। बाद में रेड बॉल क्रिकेट पर फोकस किया। उन्हें भारत A और श्रीलंका A सीरीज में भी खेलने का मौका मिला था। वहां वह विकेट नहीं ले पाए।
अब 2026 की दलीप ट्रॉफी में जीशान सेंट्रल जोन की टीम का हिस्सा हैं। करीब 5 साल बाद रेड बॉल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। ऐसे में उनके लिए यह टूर्नामेंट खुद को फिर से साबित करने का अच्छा मौका है। टेस्ट क्रिकेट के लिए सिलेक्टर्स लेग स्पिन के अच्छे ऑप्शन तलाश रहे हैं। ऐसे में जीशान एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकते हैं।
शम्स मुलानी

मुंबई के शम्स मुलानी डोमेस्टिक क्रिकेट में जाना-पहचाना नाम हैं। वेस्ट जोन के इस ऑलराउंडर ने 58 फर्स्ट क्लास मैच में 265 विकेट और 2523 रन बनाए हैं। दलीप ट्रॉफी में भी मुलानी पहले अच्छा परफॉर्म कर चुके हैं। नॉर्थ जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने फिफ्टी लगाने के साथ विकेट भी निकाले थे। मुलानी के पास लंबे फॉर्मेट का अच्छा एक्सपीरियंस है। वह लगातार घरेलू क्रिकेट में परफॉर्म भी कर रहे हैं।
युद्धवीर सिंह

जम्मू-कश्मीर के युद्धवीर सिंह अपनी फास्ट बॉलिंग के लिए जाने जाते हैं। करीब 6 फीट 3 इंच लंबे युधवीर लेफ्ट आर्म पेसर हैं। वो अपनी हाइट की वजह से अच्छा बाउंस भी निकाल लेते हैं। जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में युद्धवीर ने इंपोर्टेंट रोल प्ले किया था। उन्होंने 7 मैच में 21 विकेट लिए थे। वहीं 19 फर्स्ट क्लास मैच में उनके नाम 50 विकेट हैं।
युद्धवीर को दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन की टीम में जगह मिली है। चोट की वजह से वह जून में श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। अब दलीप ट्रॉफी उनके लिए खुद को फिर से साबित करने का मौका है।
6 सितंबर से चेन्नई में फाइनल
दलीप ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 23 अगस्त से हो चुकी है। इसके क्वार्टर फाइनल मैच 23 से 26 अगस्त के बीच बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए। इन मैच में ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को एक पारी और 210 रन से हराया, जबकि नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को 52 रन से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
अब टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल 30 अगस्त से 2 सितंबर के बीच खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन का मुकाबला ईस्ट जोन से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में साउथ जोन की टक्कर नॉर्थ जोन से होगी।
दलीप ट्रॉफी का फाइनल 6 से 10 सितंबर के बीच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी।

