टीम इंडिया के 13 खिलाड़ी रिहैब में: बुमराह की वापसी पर सस्पेंस; हर्षित-सुदर्शन और नीतीश श्रीलंका दौरे से बाहर, 15 को पहला टेस्ट
Published:
4 min read

शुभमन गिल उंगली में चोट के कारण श्रीलंका XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे। उनकी जगह केएल राहुल ने कप्तानी संभाली थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया इस समय चोटों की समस्या से जूझ रही है। BCCI के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में 13 खिलाड़ी रिहैब कर रहे हैं। इनमें कुछ मौजूदा टीम का हिस्सा हैं, तो कुछ आने वाले समय में भारतीय टीम में जगह बना सकते हैं।
इस बीच जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर कोई तय तारीख सामने नहीं आई है, जबकि हार्दिक पंड्या ने चोट के बाद दोबारा दौड़ना शुरू कर दिया है। कप्तान शुभमन गिल की उंगली की चोट ने भी श्रीलंका दौरे से पहले टीम की चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स की मानें तो लगातार चोट के मामले सामने आने के बाद रविवार (9 अगस्त) को BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया और COE हेड वीवीएस लक्ष्मण ने एक रिव्यू मीटिंग की। हालांकि इस मीटिंग में क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं आई है।
सबसे पहले समझिए, मामला क्या है?
टीम इंडिया के कई अहम खिलाड़ी इस समय चोट से परेशान हैं। बुमराह, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी श्रीलंका दौरे से बाहर हो चुके हैं। वहीं वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन की फिटनेस पर भी नजर रखी जा रही है।
इसी बीच बुमराह और हार्दिक की चोट को लेकर रिहैब से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल को प्रैक्टिस के दौरान दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगी है।

जसप्रीत बुमराह को क्या हुआ?
बुमराह को बाएं घुटने में सूजन की समस्या है। वे इस समय BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं। वहां रिहैब के दौरान उन्हें जॉगिंग करने और एक पैर से किए जाने वाले अभ्यास में परेशानी महसूस हुई।
यही वजह है कि फिलहाल बुमराह की वापसी को लेकर कोई तारीख तय नहीं की गई है। टीम इंडिया के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि बुमराह भारतीय गेंदबाजी की सबसे अहम कड़ी हैं।
हार्दिक पंड्या की हालत कैसी है?
पंड्या लेफ्ट क्वाड्रिसेप्स की चोट से वापसी की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने रिहैब के दौरान पूरी ताकत से गेंदबाजी शुरू की थी, लेकिन इसके बाद उनके दाहिने पैर की पिंडली में दर्द होने लगा। जांच में कोई बड़ी चोट नहीं मिली। फिर भी डॉक्टर्स ने सावधानी बरतते हुए उन्हें कुछ समय के लिए दौड़ने और गेंदबाजी से रोक दिया।
अच्छी बात यह है कि इलाज का हार्दिक पर अच्छा असर हुआ और उन्होंने दोबारा दौड़ना शुरू कर दिया है। अब उनकी गेंदबाजी का वर्कलोड धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है।
शुभमन गिल की चोट कितनी गंभीर है?
श्रीलंका XI के खिलाफ वॉर्म-अप मैच से एक दिन पहले शुभमन गिल को अभ्यास के दौरान दाहिनी हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगी। इसी वजह से वह मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे।
बीसीसीआई ने बताया कि गिल को एहतियात के तौर पर पहले दिन मैदान से बाहर रखा गया था। मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली। हालांकि ओपनर गिल दूसरी पारी में बैटिंग के लिए उतरे और 44 रन बनाए।

कौन-कौन से खिलाड़ी पहले ही बाहर हैं?
जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, साई सुदर्शन और नीतीश कुमार रेड्डी श्रीलंका दौरे से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन की फिटनेस पर अभी सवाल बने हुए हैं।
इन खिलाड़ियों के अलावा BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 13 खिलाड़ी रिहैब से गुजर रहे हैं। यानी टीम इंडिया के सामने सिर्फ एक-दो खिलाड़ियों की चोट की समस्या नहीं है, बल्कि कई खिलाड़ी फिटनेस से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे हैं।

टीम इंडिया के लिए चिंता क्यों बढ़ी?
बुमराह और हार्दिक दोनों ही टीम इंडिया के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं। बुमराह तेज गेंदबाजी में टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं, जबकि हार्दिक बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं।ऐसे में दोनों की फिटनेस भारतीय टीम के संतुलन के लिए काफी मायने रखती है।
ऊपर से गिल की चोट और कई अन्य खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सवाल हैं। अब टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआई की मेडिकल टीम की नजर इस बात पर होगी कि ये खिलाड़ी कब तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटते हैं।

