अब उत्तराखंड में बसना चाहते हैं पंत: CM से मदद की गुजारिश; बोले- सर, गिफ्ट नहीं चाहिए, सरकारी रेट पर खरीदना चाहता हूं
Published: Updated:
4 min read

ऋषभ पंत दिल्ली छोड़कर उत्तराखंड में बसना चाहते हैं। अपना घर बनाने के लिए जमीन खरीदने में आ रही दिक्कतों को लेकर उन्होंने CM पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब दिल्ली छोड़कर अपने होम स्टेट उत्तराखंड में बसना चाहते हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने शनिवार की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी।
पंत ने बताया कि वह पिछले तीन साल से अपने लिए ऐसी जमीन तलाश रहे हैं, जहां वे अपना पहला घर बना सकें। उनकी अपील के बाद CM धामी ने अधिकारियों को पंत से कॉन्टेक्ट करने और नियमों के तहत मदद करने को कहा है।
CM धामी से मदद मांगने की वजह
पंत इस वक्त भारतीय टीम के साथ श्रीलंका में हैं। यहां टीम इंडिया को दो मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसी बीच पंत ने पोस्ट लिखा। कहा- मैं दिल्ली से छोड़कर उत्तराखंड में रहना चाहता हूं, लेकिन पिछले तीन साल से पसंद के मुताबिक जमीन नहीं मिल पा रही है।
पंत ने कहा- मैं उत्तराखंड से बहुत प्यार करता हूं। अब अपने पहाड़ी लोगों के बीच लौटना चाहता हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद करने की अपील की, ताकि वह उत्तराखंड में अपना घर बना सकें और राज्य के लिए भी कुछ कर सकें।

खरीदना चाहता हूं
इस विकेटकीपर बैटर ने यह भी साफ कर दिया कि वह सरकार से मुफ्त में जमीन नहीं चाहते, बल्कि इसे मार्केट रेट पर खरीदना चाहते हैं। अगर सरकार उन्हें जमीन खरीदने की मंजूरी देती है तो वह तय सरकारी कीमत पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं।
पंत का कहना है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है, लेकिन अब वह अपने राज्य से जुड़कर यहां के लोगों के लिए भी कुछ करना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं।
CM ने मदद का भरोसा दिया
पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। कहा- ऋषभ पंत उत्तराखंड की शान हैं। उन्होंने अपने खेल से देश-दुनिया में राज्य का नाम ऊंचा किया है। उनता अपने घर और अपने लोगों के पास वापस आने का फैसला अच्छी बात है।
धामी ने भरोसा दिया कि जमीन को लेकर अधिकारियों से बात की जा रही है और जल्द ही वे पंत से संपर्क करेंगे। नियमों के मुताबिक सहयोग दिया जाएगा।
उत्तराखंड में ही जन्म हुआ
ऋषभ का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ। शुरुआती ट्रेनिंग भी उत्तराखंड में ही ली थी। हालांकि बेहतर क्रिकेट कॅरियर के लिए बाद में वह दिल्ली चले गए। यहीं से डोमेस्टिक खेलते हुए भारतीय टीम तक पहुंचे।
पंत आज भी घरेलू क्रिकेट में दिल्ली से खेलते हैं। हालांकि, उत्तराखंड से उनका रिश्ता कभी खत्म नहीं हुआ। वह कई मौकों पर अपने पहाड़ी मूल और उत्तराखंड से जुड़ाव की बात कर चुके हैं।

2025-26 में उत्तराखंड के सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले व्यक्ति
पंत की उत्तराखंड से जुड़ी यह खबर ऐसे समय आई है, जब उन्हें 2025-26 में राज्य का सबसे ज्यादा इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना वाला बताया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, पंत ने इस फाईनेंशियल ईयर में 23.84 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स दिया।
पंत की कमाई का बड़ा हिस्सा BCCI कॉन्ट्रैक्ट, मैच फीस, IPL और विज्ञापनों से आता है। IPL में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि वे अब ट्रेड के जरिए दिल्ली कैपिटल्स में वापस आ गए हैं। इसके अलावा वह कई बड़े ब्रांड्स के साथ भी जुड़े हुए हैं।


