सचिन तेंदुलकर की तरह बने वैभव: BCCI सेक्रेटरी बोले- हम सूर्यवंशी को लेकर गंभीर, उसके हर कदम पर पैनी नजर है
Published: Updated:
3 min read

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीती। इसी IPL सीजन में वैभव ने सबसे ज्यादा 72 सिक्स भी लगाए थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी को लेकर बयान दिया है। सैकिया ने कहा कि भारतीय बोर्ड चाहता है कि वैभव और उसके जैसे यंग प्लेयर सचिन तेंदुलकर की तरह बनें।
दरअसल, गुरुवार (3 सितंबर) को BCCI की हाई-लेवल मीटिंग हुई। इसके बाद सैकिया ने कहा कि वे वैभव को लेकर गंभीर हैं। उसके हर फैसले और हर कदम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। वैभव को किसी एक सीरीज या एक साल का बेहतरीन खिलाड़ी बनकर नहीं रहने देंगे।
गिल और अय्यर भी मीटिंग में शामिल रहे
इस मीटिंग में BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और सेक्रेटरी सैकिया के अलावा हेड कोच गौतम गंभीर, COE के हेड वीवीएस लक्ष्मण, टेस्ट-वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी शामिल हुए थे।
खास बात यह भी रही कि चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का इसी महीने कार्यकाल खत्म हो रहा है। उनको लेकर भी मीटिंग में चर्चा हुई, लेकिन अगरकर इस मीटिंग में शामिल नहीं हुए।

वैभव को लेकर सैकिया ने क्या कहा?
सैकिया ने कहा- आपने देखा है कि हम 15 साल के प्लेयर (वैभव सूर्यवंशी) को किस तरह से आगे बढ़ा रहे हैं, जिसने पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इस पर BCCI को भी गर्व हो सकता है। हम उसे लेकर बहुत ही सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं और ध्यान रख रहे हैं कि वो सही दिशा में आगे बढ़े ताकि किसी एक सीरीज या एक साल का बेहतरीन खिलाड़ी बनकर ना रह जाएगा।
BCCI सेक्रेटरी ने कहा- हम चाहते हैं कि वैभव सूर्यवंशी या उसके जैसा कोई भी यंग प्लेयर सचिन तेंदुलकर की तरह देश के लिए लंबे समय तक खेले या किसी दूसरे लीजेंड की तरह बने। यही वजह है कि हम वैभव को गंभीरता से ले रहे हैं। वैभव के इंटरनेशनल कॅरियर में उठाए गए हर कदम और हर फैसले पर बोर्ड पैनी नजर रखे हुए है।
वैभव के रिकॉर्ड्स
15 साल के वैभव लगातार कई रिकॉर्ड्स अपने नाम करते जा रहे हैं। वे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले यंगेस्ट भारतीय भी हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का ही रिकॉर्ड तोड़ा था। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने थे।
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीती। इसी IPL सीजन में वैभव ने सबसे ज्यादा 72 सिक्स भी लगाए थे। उन्होंने ऑरेंज कैप के साथ मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस अवॉर्ड भी जीते थे।

