मेन्स के खिलाफ पाकिस्तानी वुमन्स टीम का मैच: एशिया कप की खास तैयारी; 5 सितंबर को टीम इंडिया से मैच
Published: Updated:
3 min read

वुमन्स T20 एशिया कप 2026 में पाकिस्तान टीम की कप्तानी फातिमा सना करेंगी। टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगा। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान वुमन्स क्रिकेट टीम 28 अगस्त से दुबई में शुरू होने वाले वुमन्स एशिया कप 2026 की तैयारी में जुटी है। टूर्नामेंट से पहले टीम ने लाहौर की अब्दुल कादिर क्रिकेट अकादमी में मेन्स टीम के खिलाफ T20 मैच खेले हैं। कप्तान फातिमा सना के मुताबिक- इन मुकाबलों से खिलाड़ियों को दबाव में शांत रहकर बेहतर फैसले लेने में मदद मिली है।
क्यों खेले गए T20 मैच?
पाकिस्तान की महिला टीम ने अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए मेन्स टीम के साथ कुछ T20 मुकाबले खेले। इन मैचों में कम उम्र के खिलाड़ियों से लेकर अनुभवी और उम्रदराज मेन्स खिलाड़ी भी शामिल थे।
इन मुकाबलों का मकसद टीम को ज्यादा दबाव वाले हालात में खेलने की आदत डालना और मैदान पर सही समय पर सही फैसला लेने की क्षमता को बेहतर करना था। मेन्स प्लेयर की बेहतर फिटनेस और खेल की तेज रफ्तार ने पाकिस्तान की वुमन्स प्लेयर के सामने एक अलग तरह की चुनौती रखी।
ये भी पढ़ें: हम बाल बनाकर आते हैं: आइकॉनिक तस्वीर से पहले धोनी ने सूर्या से कहा, फिर रोहित के साथ फोटो ली; VIDEO वायरल

फातिमा सना ने बताया- कैसे मिली इन मैचों से मदद
सना ने Cricinfo से कहा- मेन्स खिलाड़ियों के खिलाफ खेले गए मुकाबले टीम की तैयारी में काफी काम आए हैं। हम टूर्नामेंट के लिए अच्छी तरह तैयार हैं। हमने लड़कों के खिलाफ कुछ मुकाबले खेले, जिसमें हमें दबाव का सामना करना पड़ा। इन मैचों से मिली सीख एशिया कप में आने वाली चुनौतियों से निपटने में हमारी मदद करेगी।"
फातिमा ने आगे कहा- टीम को सबसे ज्यादा जरूरत दबाव को संभालने की थी। बड़े टूर्नामेंट में दबाव का सामना करना पड़ता है और इन्हीं मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों को यह समझने का मौका मिला कि मुश्किल समय में कैसे शांत रहना है।

पैनिक करने के बजाय खुद पर भरोसा करना होगा
फातिमा सना के मुताबिक- टीम ने खिलाड़ियों को मुश्किल स्थिति में घबराने के बजाय अपने खेल और तैयारी पर भरोसा करने की सलाह दी है। दबाव के समय शांत रहना बहुत जरूरी है। टीम ने खिलाड़ियों से कहा है कि वे अहम मौकों पर खुद पर कंट्रोल रखें, अपनी मेहनत पर भरोसा करें और मैदान पर बनाई गई रणनीति को सही तरीके से लागू करें।
टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद बढ़ा दबाव
पाकिस्तान महिला टीम पर ICC वुमन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद दबाव बढ़ गया है। यह टूर्नामेंट इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड में खेला गया था। पाकिस्तान की टीम अब एशिया कप में बेहतर प्रदर्शन करके अपनी पहली खिताबी जीत हासिल करना चाहेगी। पाकिस्तान अब तक महिला एशिया कप का खिताब नहीं जीत सका है।

1 सितंबर को थाईलैंड से पहला मुकाबला
वुमन्स एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 1 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ मैच से करेगी। इसके बाद 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना भारत से होगा। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान का तीसरा और आखिरी मुकाबला 7 सितंबर को हॉन्ग कॉन्ग (चीन) के खिलाफ होगा।


