हम बाल बनाकर आते हैं: आइकॉनिक तस्वीर से पहले धोनी ने सूर्या से कहा, फिर रोहित के साथ फोटो ली; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

एक फोटो में तीन वर्ल्ड चैम्पियन कप्तान। धोनी ने 2007, रोहित ने 2024 और सूर्यकुमार ने 2026 में भारत को T20 वर्ल्ड कप जिताया।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच चेपॉक में एक मैच खेला गया था। इससे पहले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा ने साथ में एक फोटो क्लिक करवाई थी। तीनों ने बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप जीता है। ऐसे में एक फ्रेम में तीन वर्ल्ड चैम्पियन कप्तान की यह आइकॉनिक तस्वीर थी। इस फोटो को लेने के लिए सूर्या ने काफी मेहनत की और धोनी-रोहित को मनाया था।
सूर्या ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर इसका खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जब वे फोटो के लिए मनाने पहुंचे तो रोहित का रिएक्शन काफी अलग था, जबकि धोनी ने कहा कि फोटो शेयर करोगे इसलिए बाल बनाकर (सेट करके) आता हूं। धोनी ने 2007, रोहित ने 2024 और सूर्यकुमार ने 2026 में भारत को T20 वर्ल्ड कप जिताया है।
धोनी और रोहित को सूर्या ने ऐसे मनाया
सूर्या ने कहा- ये मेरा फेवरेट फोटो है। हम चेन्नई में थे और प्रैक्टिस कर रहे थे। मैंने देखा कि आज माही भाई नहीं आए बैटिंग के लिए। मुझे लगा कि यह मोमेंट गया हाथ से। फिर मैंने देखा कि वे ड्रेसिंग रूम से बैट लेकर आ रहे थे। मैंने देखा कि रोहित भाई प्रैक्टिस के बाद खाना खा रहे थे। मैंने उनसे कहा रोहित भाई एक रिक्वेस्ट है। उन्होंने बोला अरे क्या रे...
2024 के वर्ल्ड चैम्पियन कप्तान सूर्या बोले- अब दूसरा ये था कि माही भाई से बात करनी थी। अब उनको कैसे बोलूं जाकर। मैंने देखा कि वो तो आइस बाथ के लिए रेडी हो रहे थे। प्रैक्टिस के बाद जा रहे थे। मैं गया तो माही भाई कॉर्नर में बैठे थे। मैंने कहा एक रिक्वेस्ट है। आपके और रोहित भाई के साथ एक फोटो लेनी है। आप राइट में, रोहित भाई लेफ्ट में और मैं बीच में रहूंगा।
ये भी पढ़ें: यशस्वी-फर्नांडो को सजा: 25% मैच फीस कटेगी और 1 डिमेरिट पॉइंट; कोलंबो टेस्ट में दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी
सूर्या ने आगे कहा- यह सुनकर माही भाई बोले कि फोटो तुम लेगा तो तुम इंस्टाग्राम पर तो डालेगा (शेयर) ही। हम बाल बनाकर (सेट करके) आते हैं।
IPL 2026 में मुंबई-चेन्नई प्लेऑफ में नहीं पहुंची
पिछले IPL 2026 सीजन में मुंबई और चेन्नई टीम का प्रदर्शन बेहद खराब था। यह दोनों टीमें प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच सकी थीं। मुंबई 9वें और चेन्नई 8वें नंबर पर रही थी। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने फाइनल में गुजरात टाइटन्स (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता था।

