द हंड्रेड: आमिर की बॉल पर मार्श का सिक्स: गेंद स्टेडियम के बाहर, दूसरी बॉल से मैच कराना पड़ा; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

द हंड्रेड 2026 के 17वें मैच में मिचेल मार्श ने ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ 41 रन की पारी खेली।
स्पोर्ट्स डेस्क. द हंड्रेड 2026 में सनराइजर्स लीड्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच मुकाबले में मिचेल मार्श ने ऐसा लंबा सिक्स लगाया कि बॉल स्टेडियम के बाहर जाकर गिरी। ऑस्ट्रेलियाई बैटर ने पारी की दूसरी ही बॉल पर यह सिक्स लगाया था। मोहम्मद आमिर की शॉर्ट गेंद को पुल किया कि गेंद सीधे स्टेडियम की छत पर जा गिरी। सिक्स इतना लंबा था कि अंपायर्स को दूसरी बॉल से मैच कराना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मिचेल मार्श ने अपनी पारी की शुरुआत ही अलग अंदाज में की। मोहम्मद आमिर ने उन्हें शॉर्ट गेंद डालकर चौंकाने की कोशिश की, लेकिन मार्श पहले से तैयार थे। उन्होंने पुल शॉट खेला। बॉल डीप बैकवर्ड स्क्वॉयर लेग के ऊपर से सीधे स्टेडियम के बाहर जाकर गिरी।

इस सीजन में 241 रन बनाए
मार्श इस समय शानदार फॉर्म में हैं। IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दमदार प्रदर्शन करने के बाद वे द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स के लिए भी लगातार रन बना रहे हैं। इससे पहले ट्रेंट ब्रिज में उन्होंने 35 गेंदों पर 41 रन की तेज पारी खेली थी। इस सीजन चार पारियों में 214 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
मैच की समरी
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए ट्रेंट रॉकेट्स ने 100 गेंदों में 4 विकेट पर 146 रन बनाए। तीसरे नंबर पर आए एनेरिन डोनाल्ड ने 19 गेंदों में 3 सिक्स की मदद से 40 रन बनाए। बेन डकेट ने 35 गेंदों में फिफ्टी लगाई। इसके साथ ही इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। डकेट ने 47 गेंदों पर 64 रन बनाए।

147 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी सनराइजर्स लीड्स 100 गेंदों में 4 विकेट पर 141 रन ही बना सकी और ट्रेंट रॉकेट्स ने मुकाबला 5 रन से अपने नाम कर लिया। सनराइजर्स टीम को आखिरी 20 गेंदों में सिर्फ 35 रन चाहिए थे और क्रीज पर सेट बल्लेबाज मिचेल मार्श और हैरी ब्रुक मौजूद थे। यहीं से मोहम्मद आमिर ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने लगातार 10 गेंदों के अपने स्पेल में सिर्फ 10 रन दिए और दो विकेट निकाल लिए।
सबसे पहले 46 रन बनाकर खेल रहे हैरी ब्रुक को बेन डकेट के हाथों कैच कराया। इसके बाद 41 रन बना चुके मिचेल मार्श को सैम बिलिंग्स के हाथों कैच आउट कर दिया।
ये भी पढ़ें:बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर: आकिब नबी को पहली बार टीम इंडिया में मौका; 15 अगस्त से खेली जाएगी सीरीज

