बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर: आकिब नबी को पहली बार टीम इंडिया में मौका; 15 अगस्त से खेली जाएगी सीरीज
Published: Updated:
3 min read

जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के चलते श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार इंडियन टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। अब उनके पास टेस्ट डेब्यू का मौका है।
बुमराह को पिछले महीने इंजरी हुई थी
बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लगी थी। उन्होंने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब भी किया, लेकिन सूजन पूरी तरह ठीक नहीं हुई। इसी वजह से सिलेक्टर ने उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर रखने का फैसला किया।

2025-26 रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लिए
29 साल के आकिब नबी पिछले 2 रणजी सीजन में 104 विकेट लिए, जिसमें 2025-26 रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट शामिल हैं। उनके प्रदर्शन से जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब भी जीता। हाल ही में इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी आकिब नबी ने अच्छा किया था। उन्होंने गाले में खेले गए दो फर्स्ट क्लास मैच में 6 विकेट लिए थे। श्रीलंका की पिच का अनुभव अब उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
आकिब नबी जम्मू-कश्मीर से टीम इंडिया की सीनियर टीम में जगह बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक को भारतीय टीम में मौका मिल चुका है। हालांकि, वह जम्मू-कश्मीर के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें भारत की टेस्ट टीम में चुना गया है।

सिराज- प्रसिद्ध पेस अटैक को लीड करेंगे
बुमराह के बाहर होने के बाद भारत की तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अब मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और आकिब नबी पर रहेगी।

4 प्लेयर इंजरी के चलते बाहर
टीम इंडिया की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुई हैं। हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर भी चोट की वजह से इस दौरे से बाहर हैं। वहीं साई सुदर्शन अभी भी पैर की चोट से उबर रहे हैं और पहले टेस्ट में उनका खेलना तय नहीं है।
भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम
- शुभमन गिल (कप्तान)
- केएल राहुल (उपकप्तान)
- यशस्वी जायसवाल
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- साई सुदर्शन*
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- रवींद्र जडेजा
- कुलदीप यादव
- मानव सुथार
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
- गुरनूर बरार
- देवदत्त पडिक्कल
- सारांश जैन
- आकिब नबी
* साई सुदर्शन खेलेंगे या नहीं, इस पर फैसला मेडिकल क्लियरेंस के बाद होगा।

