पाकिस्तानियों से नो हैंडशेक, उनके हाथ से ट्रॉफी भी नहीं ली: इस पर कपिल देव बोले- खिलाड़ियों के पास कोई रास्ता नहीं, सरकार की बात माननी होगी
Published:
3 min read

कपिल देव ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को 1983 वर्ल्ड कप जिताया था। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर के बाद से मेन्स और वुमन्स क्रिकेट में भारतीयों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स और स्टाफ से हाथ नहीं मिलाया है। इतना ही नहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से दो एशिया कप ट्रॉफी भी नहीं ली हैं। इस पूरे मामले में अब 1983 के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव का रिएक्शन आया है।
खिलाड़ी वही करें जो सरकार कहे
कपिल देव ने इस मामले में कहा है कि खिलाड़ियों के पास कोई रास्ता नहीं है। यदि हमारी सरकार ने फैसला कर लिया है कि हैंडशेक नहीं करना है और ट्रॉफी नहीं लेनी है तो हमें सरकार की बात माननी ही होगी।
पूर्व ऑलराउंडर कपिल देव ने इंडिया टुडे से कहा- यदि हमारी सरकार ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का फैसला लिया है तो खिलाड़ियों के पास कोई और रास्ता नहीं है। ऐसे मामले में खिलाड़ियों को वही करना चाहिए जो सरकार कहती है।

इमरान को लेकर भी बयान दिया
कपिल देव ने पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान को लेकर भी बयान दिया है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उनकी सरकार गिर गई थी। 73 साल के इमरान पर स्टेट गिफ्ट्स यानी तोशाखाना, अवैध शादी समेत कई मामलों में केस चले। इनमें से कुछ मामलों में उन्हें सजा भी हुई है।
ये भी पढ़ें: अभिषेक से मिलने होटल पहुंची फीमेल फैन: फोटो के लिए करने लगी जिद, सिक्योरिटी गार्ड्स ने रोका; VIDEO वायरल
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने कहा- इमरान खान के साथ इंसान की तरह ही बर्ताव करना चाहिए। वो इसके हकदार हैं। हमारी यही मामूली सी मांग है।
हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत वर्ल्ड के 22 पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेट कप्तानों ने भी इमरान को लेकर चिंता जताई थी। सभी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर जेल में बंद इमरान के स्वास्थ्य और उनके साथ मानवीय व्यवहार की मांग की है।

दो बार नकवी से ट्रॉफी नहीं ली
भारतीय क्रिकेट टीम ने दो बार एशिया कप का खिताब जीता और दोनों बार ट्रॉफी नहीं ली। इसकी वजह है कि दोनों बार एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी ट्रॉफी दे रहे थे। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चीफ हैं। साथ ही पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं।
सबसे पहले मेन्स इंडियन टीम ने सितंबर 2025 में एशिया कप खिताब जीता था। तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी नहीं ली थी। इसके बाद हाल ही में यानी सितंबर 2026 में वुमन्स इंडियन टीम ने एशिया कप खिताब जीता। इस बार कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नकवी के हाथ से ट्रॉफी नहीं ली।
ये भी पढ़ें: इंडियन वुमन्स टीम ने 5 ओवर में जापान को हराया: एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में एंट्री, श्री चरणी को 4 विकेट

