इंडियन वुमन्स टीम ने 5 ओवर में जापान को हराया: एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में एंट्री, श्री चरणी को 4 विकेट
Published: Updated:
2 min read

लेफ्ट-आर्म स्पिनर श्री चरणी ने 10 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने 4 में से 2 ओवर मेडन डाले। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 के वुमन्स क्रिकेट इवेंट में भारतीय टीम ने अपना क्वार्टरफाइनल मुकाबला जीत लिया है। शुक्रवार (18 सितंबर) को खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने जापान की महिला टीम को 5 ओवर में 8 विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है, जहां बांग्लादेश से मुकाबला होगा।
ये भी पढ़ें: पृथ्वी शॉ सगाई के 6 महीने बाद मंगेतर से अलग : आकृति का पोस्ट- हालात को देखते हुए फैसला लिया
जापान 57 रन पर ऑलआउट
इस बार एशियन गेम्स जापान के आइची-नागोया में हो रहे हैं। यह मुकाबला आइची के निशिन शहर में हुआ। मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर जापान को पहले बैटिंग दी। इसके बाद मेजबान टीम को 57 रन पर ऑलआउट कर दिया।
लेफ्ट-आर्म स्पिनर श्री चरणी ने 10 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने 4 में से 2 ओवर मेडन डाले। शेफाली वर्मा को 2 सफलताएं मिलीं। श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
5 ओवर में जीती टीम इंडिया
58 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवाकर 5 ओवर में ही चेज कर लिया। ओपनर शेफाली ने 15 बॉल पर नाबाद 40 रन बनाए। नंबर-4 पर उतरीं ऋचा घोष 6 बॉल पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
सेमीफाइनल कब?
भारतीय टीम टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी। इस मुकाबले में बांग्लादेश से टक्कर होगी। एशियन गेम्स 2026 के दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को निशिन में ही होंगे। इंडिया Vs बांग्लादेश मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से खेला जाएगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा।
जबकि पहला सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच इसी दिन होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे से शुरू होगा। इसमें भी टॉस आधा घंटे पहले होगा।
इस साल श्री चरणी को 43 विकेट
मौजूदा कैलेंडर ईयर 2026 में श्री चरणी के 21 टी20 मैच में 43 विकेट हो गए हैं। किसी एक कैलेंडर ईयर में किसी भारतीय वुमन्स द्वारा लिए गए यह सबसे ज्यादा विकेट हैं। इस दौरान श्री चरणी का इकोनॉमी रेट 5.92 और एवरेज 10.93 का रहा है।

