जूनियर वुमन्स एशिया कप में पाकिस्तान को 19-0 से हराया: जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में, पूजा मलिक की हैट्रिक
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम ने 2023 और 2024 में जूनियर वुमन्स एशिया कप का खिताब जीता था। अब टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने से सिर्फ दो जीत दूर है।
स्पोर्ट्स डेस्क. जूनियर वुमन्स हॉकी एशिया कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया है। यह मैच चीन के हुलुनबुइर (Hulunbuir) में खेला गया। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
भारतीय टीम ने मैच के शुरुआत से ही पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम ने 7वें मिनट में ही गोल दागकर बढ़त बना ली थी। इसके बाद लगातार गोल होते रहे और हाफ टाइम तक भारत 10-0 से आगे था।
पहले हाफ में इस तरह गोल हुए
पूजा साहू ने 7वें मिनट में भारतीय टीम का खाता खोला। इसके 2 मिनट बाद रोशनी ऐंद ने स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर, सनिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और गीता यादव ने गोल किए। माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा।
तानुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने भी पहले हाफ में गोल किए, जबकि पूर्णिमा यादव के 33वें मिनट के गोल के साथ भारत ने ब्रेक तक 10-0 की बढ़त बना ली।
यह भी पढ़े : हर्षित अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर: यश ठाकुर को मौका, बुमराह और नीतीश रेड्डी के खेलने की उम्मीद
पूजा मलिक ने पूरी की हैट्रिक
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का अटैक नहीं रुका। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और इसके एक मिनट बाद सुप्रिया ने स्कोर किया। इसके बाद पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। कृष्णा शर्मा और बिनिमा धन ने भी गोल किए। सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। मैच के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल दागकर भारतीय टीम का स्कोर 19-0 कर दिया।
यह भी पढ़े : हॉकी इंडिया ने फिर टीम की जर्सी बदली: ऑरेंज से फिर ब्लू पर वापसी, एशियन गेम्स में नई जर्सी उतरेगी हॉकी टीम
ग्रुप स्टेज में भी अजेय रहा भारत
भारतीय टीम ने क्वार्टरफाइनल से पहले ग्रुप स्टेज में भी अच्छी परफॉर्मेंस दी। टीम ने जापान, मलेशिया और साउथ कोरिया को हराकर ग्रुप में टॉप किया था। अब सेमीफाइनल में टीम का सामना साउथ कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल की विनर टीम से होगा।
भारतीय टीम ने 2023 और 2024 में जूनियर वुमेंस एशिया कप का खिताब जीता था। अब टीम लगातार तीसरी बार टाइटल जीतने से सिर्फ 2 जीत दूर है।

