एक जीत से हार का सिलसिला बना : मो. यूसुफ बोले- 2021 में भारत से जीत के बाद हमारे प्लेयर घमंड से चूर थे, भारत ने आईना दिखा दिया
Published: Updated:
3 min read

2021 T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने दुबई में भारत को 10 विकेट से हराया था। ( फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. 'पाकिस्तान क्रिकेट के डाउन फाउल की शुरुआत 2021 में भारतीय टीम के खिलाफ मिली 10 विकेट की जीत के बाद हुई। हमारे प्लेयर घमंड से चूर थे।'
ऐसा हम नहीं...पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने खुद टीम की मौजूदा हालत को लेकर कहा है। उनका कहना है कि इस जीत के बाद कुछ प्लेयर्स को लगा कि उन्होंने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इसके बाद टीम कॉन्फिडेंस की जगह ओवरकॉन्फिडेंस में आ गई। साथ ही कप्तानी को लेकर खींचतान बढ़ने लगी।
इंडिया को हराकर हमारी टीम घमंड में थी- यूसुफ
2021 T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने दुबई में भारत को 10 विकेट से हराया था। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के खिलाफ पाकिस्तान की यह पहली जीत थी। बाबर आजम ने नाबाद 68 और मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 79 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 152 रन का टारगेट हासिल कर लिया था।
यूसुफ ने कहा - इस जीत के बाद कुछ प्लेयर्स को लगा कि उन्होंने बहुत कुछ हासिल कर लिया है। इसके बाद उन्हें समझ नहीं आया कि आगे क्या करना है। अच्छी परफॉर्मेंस के बाद भी प्लेयर को हंबल रहना चाहिए। अगर सफलता के बाद एटीट्यूड बदल जाए। प्लेयर डिसरिस्पेक्टफुल होने लगे तो परेशानी आना तय है।

टीम में हर कोई कप्तान बनना चाहता था - यूसुफ
यूसुफ ने पाकिस्तान की ड्रेसिंग रूम पॉलिटिक्स पर भी बात की। उन्होंने कहा- टीम में हर कोई कप्तान बनने की कोशिश कर रहा था। इसका असर मैदान पर भी दिखाई दिया। पिछले 4-5 साल में पाकिस्तान ने कई कप्तान, कोच और सपोर्ट स्टाफ बदले, लेकिन टीम को लगातार सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा - इतने बदलाव के बावजूद किसी प्लेयर ने आगे आकर जिम्मेदारी नहीं ली। टीम ने ODI वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट में लगातार निराश किया। PCB ने टीम को सुधारने के लिए कई बार कोच और सपोर्ट स्टाफ बदले। इसका फायदा नहीं मिला।
ये भी पढ़े: तू बहुत छोटा है, रन नहीं बना पाएगा: तिलक वर्मा ने वैभव को स्लेज किया, सूर्यवंशी बोले- अगले ओवर में मारूंगा

7 प्लेयर्स को घर भेजने के फैसले का समर्थन
यूसुफ ने इंग्लैंड दौरे के बीच PCB के फैसले का स्पोर्ट भी किया है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पाकिस्तान पारी और 103 रन से हारा। दूसरे टेस्ट में भी टीम को 194 रन से हार मिली और सीरीज हाथ से निकल गई। इसके बाद PCB ने 7 प्लेयर्स को वापस भेज दिया। टीम में 7 नए प्लेयर्स शामिल किए गए, इनमें 5 अनकैप्ड प्लेयर्स हैं। सरफराज अहमद और उमर गुल को भी कोचिंग स्टाफ से हटा दिया गया।
PCB को अब बदलाव करना ही था- यूसुफ
उन्होंने कहा- पाकिस्तान की टीम WTC (वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप) की पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 9वें नंबर पर है। पाकिस्तान की रेपुटेशन खराब हो रही है। ऐसे में बोर्ड को सुधार के लिए कुछ कदम उठाने ही होंगे। अब PCB के सामने चुनौती पूरे सिस्टम को सुधारना है।

