हॉकी इंडिया ने फिर टीम की जर्सी बदली: ऑरेंज से फिर ब्लू पर वापसी, एशियन गेम्स में नई जर्सी उतरेगी हॉकी टीम
Published:
3 min read

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय मेन्स टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम 8वें नंबर पर रही थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय हॉकी टीम एक बार फिर अपनी पहचान वाली ब्लू जर्सी में नजर आएगी। 2026 हॉकी वर्ल्ड कप में मेन्स और वुमन्स टीम ने ऑरेंज और व्हाइट जर्सी पहनी थी, लेकिन अब एशियन गेम्स में टीम वापस ब्लू जर्सी में खेलेगी।
इससे पहले ऑरेंज जर्सी करने के फैसले पर कई पूर्व प्लेयर्स और हॉकी फैन्स ने सवाल उठाए थे। विवाद बढ़ने के बाद Hockey India के प्रेसिडेंट दिलीप टिर्की ने ब्लू रंग को फिर से प्राइमरी जर्सी के तौर पर रखने को कहा है।
ऑरेंज जर्सी को लेकर क्या हुआ?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 अगस्त से Hockey India के अधिकारियों के बीच जर्सी के रंग को लेकर ईमेल पर बातचीत शुरू हुई थी। एक सीनियर अधिकारी ने ऑरेंज को प्राइमरी और व्हाइट को सेकेंडरी कलर रखने का सुझाव दिया था।
इसके बाद दिलीप टिर्की ने हस्तक्षेप किया और ब्लू को प्राइमरी और ऑरेंज को सेकेंडरी कलर रखने को कहा। टिर्की ने कहा कि जर्सी का रंग हमेशा के लिए तय नहीं है। टीम पहले भी ऑरेंज जर्सी पहन चुकी है। आगे भी पहन सकती है, लेकिन एशियन गेम्स में भारतीय टीम ब्लू जर्सी में ही खेलेगी।
ब्लू टर्फ पर विजिबिलिटी बनी थी वजह
ऑरेंज जर्सी के पक्ष में सबसे बड़ी वजह विजिबिलिटी बताई गई थी। Hockey India की तरफ से कहा गया था कि ब्लू टर्फ पर ब्लू जर्सी होने से प्लेयर्स को एक-दूसरे को पहचानने में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में ऑरेंज कलर से टीम के प्लेयर्स को पहचानने में आसानी होगी।
हालांकि, जर्सी का रंग बदलने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे। Hockey India ने कहा था कि प्लेयर्स से सलाह ली गई थी, लेकिन द इंडियन एक्सप्रेस से बात करने वाले पांच प्लेयर्स ने कहा कि उनसे इस बारे में कोई बातचीत नहीं हुई थी।

पूर्व प्लेयर्स ने भी विरोध किया
ऑरेंज जर्सी के फैसले पर कई पूर्व भारतीय हॉकी प्लेयर्स ने नाराजगी जताई थी। पूर्व कप्तान वीरेन रासक्विन्हा ने कहा था कि भारतीय टीम की पहचान हमेशा से ब्लू जर्सी रही है। फैंस भी टीम को ब्लू में देखना चाहते हैं। धनराज पिल्ले, अजीत पाल सिंह और परगट सिंह जैसे पूर्व प्लेयर्स ने भी जर्सी का रंग बदलने के फैसले की आलोचना की थी।
दिलीप टिर्की ने भी नाराजगी जताई थी
इस पूरे मामले में Hockey India के प्रेसिडेंट दिलीप टिर्की ने भी कहा था कि उन्हें जर्सी का रंग बदलने के फैसले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने इस बात पर सवाल उठाया कि इतनी बड़ी पहचान से जुड़े फैसले में जरूरी कंसल्टेशन हुआ या नहीं। अब एशियन गेम्स में टीम की ब्लू जर्सी में वापसी से भारतीय हॉकी की पारंपरिक पहचान भी वापस नजर आएगी।
मेन्स टीम रही 8वें नंबर पर
2026 हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने 5वां स्थान हासिल किया। यह वर्ल्ड कप में टीम का 50 साल से ज्यादा समय में सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। वहीं भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम 8वें स्थान पर रही। अब दोनों टीमें 19 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले एशियन गेम्स 2026 में ब्लू जर्सी में उतरेंगी।

