बाबर आजम का नाम लेकर फर्जी खबर चलाई: इरफान पठान के कई खुलासे, कहा- बांग्लादेशी रिपोर्टर की जगह मेरी तस्वीर लगाकर झूठ फैलाया
Published: Updated:
5 min read

इरफान पठान IPL में पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट और गुजरात लायंस जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने जियोहॉटस्टार के शो चीकी सिंगल्स में सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों, ट्रोलिंग और IPL कॅरियर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के एक मीडिया संस्थान ने बाबर आजम का नाम जोड़कर उनके बारे में झूठी खबर चला दी थी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी खिलाड़ी को एक ही IPL फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक खेलने का मौका मिले, तो वही उसकी सबसे बड़ी पहचान और विरासत बन सकती है।
बाबर के नाम पर मेरे बारे में फैलाई गई थी झूठी खबर
सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों का जिक्र करते हुए इरफान ने एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के एक मीडिया संस्थान ने यह झूठी खबर चला दी थी कि वह बाबर का इंटरव्यू लेने गए थे, लेकिन बाबर ने यह कहकर मना कर दिया कि वह हमारे देश के खिलाफ बोलते हैं, इसलिए इंटरव्यू नहीं देंगे।
इरफान ने साफ कहा कि यह पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत कहानी थी। ऐसा कुछ भी कभी हुआ ही नहीं था।

फर्जी तस्वीर पर लोगों ने कर लिया भरोसा
इरफान ने बताया कि असली तस्वीर किसी युवा बांग्लादेशी रिपोर्टर की थी, जो पहली बार मैदान पर इंटरव्यू लेने गया था और उसे इंटरव्यू नहीं मिल पाया। बाद में किसी ने उस रिपोर्टर की तस्वीर पर उनका चेहरा लगा दिया और सोशल मीडिया पर फैला दिया। उन्होंने कहा कि इस फर्जी पोस्ट को 10 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और बड़ी संख्या में लोगों ने उसे सच भी मान लिया। उनके मुताबिक आज सोशल मीडिया पर इस तरह की झूठी खबरें आम हो चुकी हैं।
हर झूठ का जवाब देना संभव नहीं
इरफान पठान ने कहा लगभग हर दिन किसी न किसी खिलाड़ी के बारे में फर्जी बातें फैलाई जाती हैं। अगर वह हर अफवाह का जवाब देने बैठ जाएं, तो अपनी सामान्य जिंदगी नहीं जी पाएंगे। अब तय कर लिया है कि ऐसी बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देंगे, क्योंकि हर झूठ का जवाब देना न तो संभव है और न ही जरूरी।
एक ही IPL फ्रेंचाइजी के साथ खेलने से बनती है असली पहचान
इरफान पठान का मानना है कि किसी खिलाड़ी की सबसे मजबूत पहचान तब बनती है, जब वह लंबे समय तक एक ही IPL टीम का हिस्सा रहे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हर खिलाड़ी को ऐसा मौका नहीं मिलता, क्योंकि रिटेंशन नियम और मेगा ऑक्शन जैसी वजहों से कई बार खिलाड़ी और टीम चाहकर भी साथ नहीं रह पाते।
उन्होंने अपने करियर का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने IPL की शुरुआत पंजाब टीम के साथ की थी और तीन सीजन तक वहीं खेले। चौथे सीजन में टीम उन्हें अपने साथ रखना चाहती थी, लेकिन उस समय के रिटेंशन नियमों की वजह से किसी भी खिलाड़ी को बरकरार नहीं रखा जा सका। ऐसे में कई फैसले खिलाड़ियों के हाथ में नहीं होते।
शुभमन गिल का उदाहरण देकर समझाई रिटेंशन की मुश्किल
इरफान ने कहा कि कई बार फ्रेंचाइजी अपने खिलाड़ियों को छोड़ना नहीं चाहती, लेकिन नियम उनके रास्ते में आ जाते हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स और शुभमन गिल का उदाहरण देते हुए कहा कि टीम ने उन्हें तैयार किया था और स्वाभाविक रूप से उन्हें अपने साथ रखना चाहती होगी। लेकिन परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं कि खिलाड़ी दूसरी टीम में चला जाता है।
अगर किसी खिलाड़ी को एक ही फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक खेलने का मौका मिले, तो उसे छोटी-छोटी बातों की परवाह छोड़कर उसी टीम के साथ अपनी विरासत बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

प्रीति जिंटा ने जीत के बाद खुद बनाए थे पराठे
इरफान पठान ने 2009 के IPL सीजन का एक दिलचस्प शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब पंजाब की टीम दक्षिण अफ्रीका में खेल रही थी, तब शुरुआती मुकाबलों में लगातार हार मिली थी। पूरी टीम निराश थी और टीम को लेकर प्रीति जिंटा भी परेशान थीं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि अगर अगला मैच जीत गए, तो वह सभी के लिए भारतीय खाना बनाएंगी और अपने हाथ से पराठे खिलाएंगी। उस समय सभी खिलाड़ी भारतीय खाने को बहुत याद कर रहे थे। टीम ने अगला मुकाबला जीत लिया और प्रीति जिंटा ने अपना वादा निभाया। उन्होंने होटल में पूरी टीम के लिए अपने हाथ से पराठे बनाए।
इरफान ने कहा कि प्रीति जिंटा बेहद स्नेह और खिलाड़ियों का ख्याल रखने वाली इंसान हैं। टीम हारती थी, तब भी वह खिलाड़ियों से बात करती थीं, उनका हौसला बढ़ाती थीं और कभी गुस्सा नहीं करती थीं।

इरफान का कॅरियर
इरफान पठान ने 2003 से 2012 के बीच भारत के लिए क्रिकेट खेला। उन्होंने 141 इंटरनेशनल मैच में 2,821 रन बनाए। इस दौरान एक शतक और 11 अर्धशतक लगाए है। उनका हाइएस्ट स्कोर 102 रन रहा। गेंदबाजी में भी उन्होंने 301 विकेट लिए। उन्होंने 9 बार एक पारी में पांच विकेट और दो बार एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए। हालांकि, इंजरी की वजह से उनका कॅरियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका।
IPL में भी दिखाया दम
इरफान पठान IPL में पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट और गुजरात लायंस जैसी टीमों के लिए खेले थे। उन्होंने 103 IPL मैच में 80 विकेट लिए और 82 पारियों में 1,139 रन बनाए। IPL में उनके नाम एक अर्धशतक भी है।

