जहीर खान बने LPL की जाफना टीम के को-ऑनर: फ्रेंचाइजी का नाम भी बदला, पूर्व पेसर ने कहा- श्रीलंका से हमेशा स्पेशल कनेक्शन रहा
Published: Updated:
3 min read

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि श्रीलंका की क्रिकेट हमेशा उन्हें पसंद रही है। खास तौर पर यहां के गेंदबाजों की प्रतिभा, नई सोच और अलग-अलग तरह की गेंदबाजी उन्हें हमेशा मोटिवेट करती रही है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान लंका प्रीमियर लीग (LPL) की जाफना फ्रेंचाइजी के को-ऑनर बन गए हैं। स्वीडन की स्पोर्ट्स कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी (Anchor Sports AB) ने इस टीम को खरीदा है। साथ ही टीम का नाम बदलकर एंकर जाफना किंग्स (Anchor Jaffna Kings) कर दिया गया है।
इस डील के बाद टीम का नाम बदलकर एंकर जाफना किंग्स कर दिया गया है। कंपनी के मालिक नागेंद्र सिद्धौतम और जहीर खान अब इस टीम के नए मालिक हो गए हैं।

दुनिया की कई क्रिकेट लीग में पहले से मौजूद एंकर स्पोर्ट्स
एंकर स्पोर्ट्स का यह पहला क्रिकेट निवेश नहीं है। कंपनी पहले से यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में बेल्जियम की एंटवर्प एंकर्स टीम की मालिक है। इसके अलावा कनाडा की सुपर 60 लीग में वैंकूवर एंकर्स की मेंस और वुमन्स दोनों टीमों का मालिकाना हक भी इसी कंपनी के पास है।
अब जाफना फ्रेंचाइजी को खरीदकर कंपनी ने अपनी मौजूदगी और मजबूत कर ली है। मालिक बदलने के समय भी जाफना टीम फॉर्म में है। मौजूदा 2026 सीजन में यह टीम पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में बनी हुई है। पिछले 6 साल में जाफना ने 4 बार LPL का खिताब जीता है।

इनोवेटिव प्रोडक्शन ग्रुप के चेयरमैन और CEO अनिल मोहन ने नए मालिकों का स्वागत करते हुए कहा कि जाफना टीम ने पिछले 6 साल में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक अलग पहचान बनाई है। उन्हें भरोसा है कि एंकर स्पोर्ट्स इस विरासत को आगे बढ़ाएगा। टीम को नई सोच और नई ऊर्जा के साथ आगे ले जाया जाएगा।

जहीर खान बोले- श्रीलंका से हमेशा खास जुड़ाव रहा
जहीर खान ने कहा- श्रीलंका की क्रिकेट हमेशा उन्हें पसंद रही है। खास तौर पर यहां के गेंदबाजों की प्रतिभा, नई सोच और अलग-अलग तरह की गेंदबाजी उन्हें हमेशा मोटिवेट करती रही है। वह कई बार श्रीलंका आ चुके हैं, यहां क्रिकेट खेल चुके हैं और इस देश से उनकी कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं। अब इसी क्रिकेट संस्कृति का हिस्सा मालिक के रूप में बनना उनके लिए बेहद खास और रोमांचक अनुभव है।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा जहीर खान के अनुभव का फायदा
लंका प्रीमियर लीग के डायरेक्टर समांथा डोडनवेला का मानना है कि जहीर खान जैसे अनुभवी क्रिकेटर का टीम के साथ जुड़ना लीग के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जहीर का अनुभव श्रीलंका के युवा खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह उन्हें सीखने का अच्छा मौका मिलेगा, जिससे क्रिकेट को भी मजबूती मिलेगी।

