1317 दिन से टेस्ट सेंचुरी नहीं लगा सके बाबर आजम: वेस्टइंडीज के खिलाफ 88 रन पर आउट; पिछली इंटरनेशनल सेंचुरी 8 महीने पहले लगाई थी
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम 88 पर रनआउट होने के बाद घुटनों पर बैठ गए।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम एक बार फिर टेस्ट शतक से चूक गए। रविवार (2 अगस्त 2026) से वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में बाबर ने पहली पारी में 147 गेंदों पर 88 रन की पारी खेली। वे रनआउट होकर पवेलियन लौटे। इस तरह बाबर 1317 दिन से टेस्ट शतक नहीं लगा सके हैं। बाबर ने पिछला शतक 26 से 31 दिसंबर 2022 को खेले गए कराची टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।
रनआउट ने तोड़ा सपना
दरअसल, बाबर पारी के 75वें ओवर में स्ट्राइक पर थे। 5वीं बॉल पर उन्होंने हल्के हाथ से ऑफ साइड में शॉट खेला। इसके बाद वे तुरंत एक रन के लिए दौड़े, लेकिन नॉनस्ट्राइकर ने रन लेने से मना कर दिया। बाबर वापस मुड़कर स्ट्राइक की ओर दौड़े और डाइव भी लगाई, लेकिन ब्रेंडन किंग ने डायरेक्ट थ्रो किया। इस तरह बाबर रनआउट हुए।
रनआउट होने के बाद बाबर कुछ देर तक घुटनों के बल मैदान पर ही बैठे रहे। उन्होंने तुरंत ड्रेसिंग रूम की ओर कदम नहीं बढ़ाए। उनके चेहरे पर सिर्फ 88 रन पर आउट होने का दुख नहीं था, बल्कि उस टेस्ट शतक का इंतजार भी साफ दिखाई दे रहा था, जो पिछले साढ़े तीन साल से पूरा नहीं हो पाया।

अब्दुल्ला शफीक के साथ 183 रन की साझेदारी
बाबर आजम ने 147 गेंदों में 88 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 सिक्स लगाया। उन्होंने अब्दुल्ला शफीक के साथ तीसरे विकेट के लिए 183 रन की पार्टनरशिप की, जिसने शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद पाकिस्तान की पारी को संभाल लिया।
1317 दिन से टेस्ट शतक का इंतजार
बाबर आजम ने अपना पिछला टेस्ट शतक 26 दिसंबर 2022 को कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। उस मुकाबले में उन्होंने 161 रन की शानदार पारी खेली थी।
इसके बाद 4 अगस्त 2026 तक उनके टेस्ट शतक का इंतजार 1317 दिन यानी 3 साल, 7 महीने और 9 दिन लंबा हो चुका है। फिलहाल, बाबर की अब तक 9 टेस्ट सेंचुरी हैं।

आखिरी सेंचुरी न्यूजीलैंड के खिलाफ आई थी
हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट में बाबर का शतक का सूखा नवंबर 2025 में खत्म हो गया था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में नाबाद शतक लगाकर लंबे इंतजार को खत्म किया था। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में तस्वीर अब भी नहीं बदली है। कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया गया 161 रन का शतक आज भी उनके कॅरियर का आखिरी टेस्ट शतक बना हुआ है।

अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के साथ
पाकिस्तान की अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड दौरे पर होगी। यह दौरा 19 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक होगा। इस समय पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज दौरे पर 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। यह सीरीज खत्म होते ही टीम सीधे इंग्लैंड रवाना होगी, जहां उसे इंग्लैंड के खिलाफ 3 टेस्ट की सीरीज खेलनी है।
यह पूरी टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025–2027 का हिस्सा होगी, इसलिए दोनों टीमों के लिए हर मुकाबला अंक तालिका के लिहाज से काफी अहम रहेगा।

