गणेश चतुर्थी पर इंडिया-अफगानिस्तान मैच की मांग: अगले महीने दिल्ली में 3 टी20 की सीरीज, पहला या दूसरा मैच 14 सितंबर को होने की उम्मीद
Published:
3 min read

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 13 से 17 सितंबर 2026 के बीच नई दिल्ली में खेली जाएगी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। Sony Sports Network ने सीरीज के टीवी राइट्स हासिल कर लिए हैं। वहीं, डिजिटल राइट्स FanCode के पास हैं। दोनों टीमों के बीच तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने हैं। फिलहाल मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर 2026 को तय हैं। इसी बीच ITW Universe ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) से कहा है कि इनमें से एक मैच 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन कराया जाए।
Sony Sports पर देख सकेंगे मैच
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज के ग्लोबल राइट्स ITW Universe के पास हैं। कंपनी ने टीवी राइट्स के लिए दूसरी कंपनियों से भी बातचीत की थी। इसमें JioStar और Zee Unite8 भी शामिल थे। आखिर में ITW Universe ने टीवी राइट्स Sony Sports Network को देने का फैसला किया। वहीं, मैचों की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के राइट्स FanCode के पास रहेंगे।
ये भी पढ़ें:भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज 2026: दिल्ली में होंगे 3 मुकाबले, यहां पूरा शेड्यूल

दिल्ली में होंगे तीनों T20 मैच
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज की मेजबानी कर रहा है। BCCI ने भी सीरीज के शेड्यूल को मंजूरी दे दी है। मौजूदा कार्यक्रम के हिसाब से भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला मैच 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे।
गणेश चतुर्थी पर मैच कराने की मांग
ITW Universe ने ACB से मैचों की तारीख में थोड़ा बदलाव करने की अपील की है। ITW के फाउंडर भैरव शांत ने ACB के CEO नसीब खान को चिट्ठी लिखकर कहा है कि तीन में से एक मैच सोमवार, 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के दिन कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी भारत में बहुत बड़ा त्योहार है और इस दिन मैच होने से भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए भी यह मुकाबला खास बन सकता है।
ITW ने बताए मैचों के दो विकल्प
ITW Universe मीडिया राइट्स, प्रोडक्शन और ब्रॉडकास्टिंग ने मैचों के लिए दो नए विकल्प भी सुझाए हैं। पहले विकल्प में मैच 11, 13 और 14 सितंबर को कराने की बात कही गई है। वहीं, दूसरे विकल्प में मुकाबले 13, 14 और 16 या 17 सितंबर को कराने का सुझाव दिया गया है। कंपनी का कहना है कि इन तारीखों से सीरीज का पूरा शेड्यूल बहुत ज्यादा नहीं बदलेगा और 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर मैच भी कराया जा सकेगा।

ACB से भारतीय फैंस की भावनाओं का सम्मान करने की अपील
भैरव शांत ने कहा कि गणेश चतुर्थी भारत में लोगों के लिए बहुत खास त्योहार है। अगर इस दिन भारत-अफगानिस्तान का मैच होता है, तो इससे भारतीय संस्कृति और क्रिकेट फैंस की भावनाओं का सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि इससे BCCI और ACB के रिश्ते भी और अच्छे हो सकते हैं। हालांकि, अभी ACB ने मैच की तारीख बदलने पर कोई फैसला नहीं लिया है।
हिटमैन टीवी डेब्यू करने जा रहे : द रोहित शर्मा शो का प्रोमो रिलीज, 'गार्डन' वाला डायलॉग फिर वायरल

