भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज 2026: दिल्ली में होंगे 3 मुकाबले, यहां पूरा शेड्यूल
Published:
3 min read

भारत और अफगानिस्तान के बीच आखिरी बार T20I सीरीज जनवरी 2024 में खेली गई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क.भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 13 से 17 सितंबर 2026 के बीच खेली जाएगी। सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे। खास बात यह है कि मैच भारत में होने के बावजूद सीरीज की ऑफिशियल मेजबानी अफगानिस्तान करेगा। BCCI और ACB ने सीरीज की पुष्टि कर दी है। इस ऐलान के बाद साफ हो गया है कि टीम इंडिया बांग्लादेश दौरे पर नहीं जाएगी।
भारत में ही अफगानिस्तान करेगा मेजबानी
सीरीज की सबसे खास बात इसकी मेजबानी है। मुकाबले भारत में होंगे, लेकिन ऑफिशियल तौर पर मेजबान अफगानिस्तान होगा। अफगानिस्तान लंबे समय से भारत को अपने घरेलू मुकाबलों के लिए होम ग्राउंड के तौर पर इस्तेमाल करता रहा है। ऐसे में दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम अफगानिस्तान के लिए घरेलू क्रिकेट का मैदान बनेगा। भारत में अपनी मेजबानी में वर्ल्ड चैंपियन टीम के खिलाफ T20I सीरीज खेलना अफगानिस्तान के लिए खास मौका होगा।
भारत-अफगानिस्तान के क्रिकेट रिश्ते मजबूत हुए हैं
भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट रिश्ते पिछले कुछ सालों में मजबूत हुए हैं। भारत ने अफगानिस्तान क्रिकेट को इंटरनेशनल लेवल पर आगे बढ़ने के लिए कई तरह से मदद की है। दोनों टीमें रेगुलरली एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रही हैं। इनके मुकाबलों को लेकर फैंस के बीच भी काफी दिलचस्पी रहती है। अब T20I सीरीज के जरिए दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े: हिटमैन टीवी डेब्यू करने जा रहे : द रोहित शर्मा शो का प्रोमो रिलीज, 'गार्डन' वाला डायलॉग फिर वायरल

अफगानिस्तान क्रिकेट को भारत का साथ
भारत और अफगानिस्तान के रिश्ते सिर्फ T20 क्रिकेट तक नहीं हैं। भारत ने अफगानिस्तान को बड़े लेवल पर खेलने और इंटरनेशनल क्रिकेट का एक्सपीरिएंस हासिल करने के लिए लगातार प्लेटफॉर्म दिया है। 2018 में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ उसका पहला टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद IPL 2026 के बाद दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट भी खेला गया था।
BCCI ने कहा- बोर्ड अफगानिस्तान की मदद करेगा
T20I सीरीज को लेकर BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा- बोर्ड को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारत में इस सीरीज की मेजबानी करने में मदद करके खुशी है। भारत और अफगानिस्तान के मुकाबले रोमांचक होते हैं। दोनों टीमों में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं। BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी कहा कि बोर्ड अफगानिस्तान में क्रिकेट को आगे बढ़ाने और उसके खिलाड़ियों को बड़े लेवल पर खेलने के ज्यादा मौके देने के लिए तैयार है।

बाइलेटरल सीरीज से दोनों टीमों को फायदा
BCCI अध्यक्ष के मुताबिक बाइलेटरल सीरीज से टीमों को मजबूत विरोधी के खिलाफ खेलने और जरूरी अनुभव हासिल करने का मौका मिलता है। अफगानिस्तान के लिए भारत के खिलाफ यह सीरीज खास तौर पर अहम होगी, क्योंकि उसे वर्ल्ड चैंपियन टीम के खिलाफ लगातार तीन T20I मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा। वहीं भारतीय टीम के लिए भी यह सीरीज आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी के लिहाज से मददगार हो सकती है।
भारत-अफगानिस्तान T20I सीरीज का शेड्यूल
- 13 सितंबर 2026 — पहला T20I, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
- 15 सितंबर 2026 — दूसरा T20I, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
- 17 सितंबर 2026 — तीसरा T20I, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
सीरीज के तीनों मुकाबले एक ही मैदान पर खेले जाएंगे। यानी खिलाड़ियों और टीमों को अलग-अलग शहर ट्रैवेल नहीं करनी होगी। अफगानिस्तान के लिए भारत में अपनी मेजबानी में होने वाली यह सीरीज क्रिकेट के लिहाज से ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे क्रिकेट कोऑपरेशन के लिहाज से भी अहम होगी।

