हरमन ने मजबूरी में कप्तानी छोड़ी: नई कैप्टन मंधाना से नजरें भी नहीं मिला रहीं, टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल असहज
Published:
3 min read

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हरमनप्रीत और मंधाना के बीच रिश्ते में दरार आ गई है। दोनों एकदूसरे से बात नहीं कर रहीं। (फाइल फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. हरमनप्रीत कौर ने हाल ही में तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, ODI, T20I) में इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ी है। BCCI ने स्मृति मंधाना को नया कप्तान बनाया है। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में एक खुलासा हुआ है कि हरमन को मजबूरी में कप्तानी छोड़नी पड़ी। वे कुछ समय और कप्तान रहना चाहती थीं।
साथ ही सोर्स ने दावा किया है कि भारतीय महिला टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल भी इस समय अच्छा नहीं है। मंधाना और हरमन एकदूसरे से नजरें नहीं मिला रही हैं। इसके चलते ड्रेसिंग रूम का माहौल असहज सा हो गया है।
रिव्यू मीटिंग के बाद फैसला लिया
37 साल की हरमन ने 2016 में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली थी। हालांकि उन्होंने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी दी। उनकी जगह 30 साल की मंधाना ने कमान संभाली। इस वजह से दोनों के बीच अनबन देखने को मिल रही है।
BCCI ने हाल ही में गुवाहाटी में एक वुमन्स टीम को लेकर रिव्यू मीटिंग की थी, जिसकी अध्यक्षता सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने की। उसी दौरान हरमन को बता दिया गया था कि बोर्ड अब नया कप्तान चाहता है। यह बदलाव 6 महीने बाद भारत में ही होने वाली पहली वुमन्स चैम्पियनशिप को लेकर किया जा रहा है।

हरमन कप्तानी छोड़ने को तैयार नहीं थीं
बोर्ड का मानना है कि नए कप्तान को तैयारी के लिए 6 महीने का टाइम भी मिल जाएगा। ऐसे में यह सही समय है बदलाव का। हालांकि हरमन कप्तानी नहीं छोड़ना चाहती थीं, लेकिन बोर्ड उनसे इत्तेफाक नहीं रखता। हरमन ने ऑप्शन दिया था कि वे टी20 की कप्तानी छोड़ दें और टेस्ट-वनडे में जारी रखना चाहती हैं।
BCCI ने हरमन की यह बात भी नहीं मानी। बोर्ड चाहता था कि तीनों फॉर्मेट में ही एक साथ एक ही नया कप्तान बनाया जाए। ऐसे में हरमन को निराश होना पड़ा और कप्तानी छोड़नी पड़ी।
ये भी पढ़ें: 46 महीने बाद भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी: कार्तिक और पुजारा खुश, कहा- सिलेक्टर्स ने उसे चुनने का साहस दिखाया है
मिताली ने भी हरमन की कप्तानी पर सवाल उठाए थे
हरमन की कप्तानी में भारतीय टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीता था। हालांकि इस साल हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी। तब पूर्व कप्तान मिताली राज ने हरमन की फॉर्म पर सवाल उठाते हुए कहा था कि भारतीय बोर्ड को 2-3 साल पहले ही मंधाना को कप्तानी दे देनी चाहिए थी।
मिताली ने कहा था कि मंधाना को टेस्ट और वनडे की कप्तानी सौंपनी चाहिए। जबकि टी20 टीम की कमान शेफाली वर्मा को मिलनी चाहिए।
हरमन ने 2022 वर्ल्ड कप के बाद ODI टीम की कप्तानी संभाली थी। तब मिताली को हटाया गया था। उस समय इन दोनों प्लेयर्स के बीच मतभेद देखने को मिले थे। इनके बीच खराब हुए रिश्ते अब तक नहीं सुधरे हैं।

