प्रेमानंद जी के यहां जाने के लिए कोहली ने कुछ नहीं लिया: विराट के प्रवक्ता ने कहा- 5 करोड़ वाली बात गलत, वे सिर्फ श्रद्धा के कारण जाते हैं
Published: Updated:
2 min read

विराट कोहली पत्नी एक्टर अनुष्का शर्मा के साथ कई बार संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम केली कुंज गए। इसके वीडियो भी वायरल हुए हैं। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को पत्नी एक्टर अनुष्का शर्मा के साथ कई बार वृंदावन में देखा गया है। वे कई बार संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम केली कुंज गए। इसके वीडियो भी वायरल हुए हैं। इसको लेकर फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने आरोप लगाए थे कि आश्रम में विजिट के लिए कोहली को 5 करोड़ रुपए दिए गए थे।
ये भी पढ़ें: 46 महीने बाद भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी: कार्तिक और पुजारा खुश, कहा- सिलेक्टर्स ने उसे चुनने का साहस दिखाया है
5 करोड़ के आरोप का कोई सबूत नहीं
अब विराट कोहली की ओर से इस मामले में बयान आया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कोहली के प्रवक्ता ने ऑफिशियल बयान में कहा है कि यह सभी आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। कोहली ने प्रेमानंद जी महाराज के यहां जाने के लिए कुछ नहीं लिया। वे सिर्फ अपनी श्रद्धा और भक्ति के चलते ही वहां जाते रहे हैं। हालांकि प्रवक्ता के नाम का खुलासा किसी रिपोर्ट में नहीं किया गया।
दिनेश शर्मा श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने अपने आरोपों को लेकर कई सबूत भी पेश नहीं किया था। ना ही कहीं और इस तरह के सबूत मिले हैं। 5 करोड़ रुपए के आरोपों को लेकर सार्वजनिक तौर पर रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।

श्रद्धा के चलते वृंदावन जाते हैं कोहली
कोहली के प्रवक्ता ने कहा- हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने जो विराट कोहली को लेकर दावे किए हैं वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं।
कोहली का प्रेमानंद महाराज जी के यहां जाना पूरी तरह से उनकी गहरी आस्था, भक्ति और श्रद्धा से जुड़ा है। हम उन दावों को पूरी तरह से नकारते हैं। साथ ही मीडिया से अनुरोध करते हैं कि इस तरह की कोई भी खबर चलाने से पहले तथ्यों की पूरी तरह से जांच कर लें।

