सेलिब्रिटी ऑनर देखकर IPL टीम जॉइन न करें: प्लेयर्स को पुजारा की सलाह, कहा- शाहरुख से पहली मुलाकात आज भी नहीं भूला
Published: Updated:
4 min read

KKR के दिनों को याद करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने बताया कि शाहरुख खान से पहली मुलाकात उनके लिए 'फैनबॉय मोमेंट' थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत के पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने अपने IPL कॅरियर से जुड़े दो मजेदार किस्से शेर किए हैं। उन्होंने बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में रहते हुए पहली बार टीम के सह-मालिक शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) से मिलना उनके लिए किसी "फैनबॉय मोमेंट" से कम नहीं था।
वहीं, जोश हेजलवुड ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नेट्स में मजाक-मजाक में उन्हें गेंदबाजी करने से ही इनकार कर दिया था। पुजारा ने यह बातें जियो हॉटस्टार के शो में कहीं।
शाहरुख से पहली मुलाकात नहीं भूल पाए पुजारा
पुजारा ने बताया कि उन्होंने अपने IPL कॅरियर की शुरुआत 2009-10 सीजन में KKR से की थी। उस दौरान पहली बार शाहरुख खान से मिलना उनके लिए बेहद खास पल था। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि किसी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने का सबसे बड़ा कारण उसका माहौल, सीखने का मौका और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर होना चाहिए, न कि सिर्फ टीम का मालिक कोई बड़ा फिल्म स्टार हो।
पुजारा ने कहा- जब मैं पहली बार शाहरुख खान से मिला तो वह मेरे लिए सच में फैनबॉय मोमेंट था। लेकिन क्रिकेट में सिर्फ इसलिए किसी टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहिए कि उसका मालिक बड़ा सेलिब्रिटी है। खिलाड़ी के लिए सबसे जरूरी चीज अच्छी टीम का माहौल, दिग्गज खिलाड़ियों से सीखने का मौका और अपने खेल में सुधार करना होता है।
ये भी पढ़ें: धोनी का रूम सभी के लिए खुला रहता है: रहाणे ने कहा- एक बार गेट बंद हुआ तो कोई भी नहीं जा सकता

KKR के साथ सफर छोटा रहा, लेकिन अनुभव काफी मिला
चेतेश्वर पुजारा ने 2009-10 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए 6 पारियों में 122 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 30.50, स्ट्राइक रेट 106.08 और बेस्ट 45 रन रहा।
इसके बाद वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) का भी हिस्सा बने। साल 2021 में पुजारा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की खिताबी टीम में शामिल थे, लेकिन पूरे सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
जोश हेजलवुड ने नेट्स में कहा- अब तुम्हें गेंद नहीं डालूंगा
पुजारा ने CSK के दिनों का एक मजेदार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि 2018 और 2021 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का लंबे समय तक सामना किया था। खासकर जोश हेजलवुड ने उन्हें काफी गेंदें डाली थीं।
पुजारा ने हंसते हुए कहा- जब मैं CSK के नेट्स में पहली बार बल्लेबाजी करने गया तो हेजलवुड ने कहा कि वह मुझे गेंदबाजी नहीं करेंगे। उन्होंने मजाक में कहा कि पिछले कुछ महीनों में ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान वह मुझे बहुत ज्यादा गेंदबाजी कर चुके हैं, इसलिए अब दोबारा नहीं करेंगे। वह मजाक कर रहे थे, लेकिन सच में उन्होंने मुझे गेंद नहीं डाली।
ऑस्ट्रेलिया में भारत की जीत में निभाई थी अहम भूमिका
2018 और 2021 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में चेतेश्वर पुजारा टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने क्रीज पर घंटों टिककर बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खूब थकाया। उनकी इस जुझारू बल्लेबाजी का ही नतीजा था कि भारत ने लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट सीरीज अपने नाम की।

टेस्ट क्रिकेट में पुजारा का कॅरियर
चेतेश्वर पुजारा ने 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच में 7,195 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 43.60 रहा। टेस्ट क्रिकेट में 19 शतक और 35 अर्धशतक लगाए। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए पांच वनडे मैच भी खेले, जिनमें उनके नाम 51 रन दर्ज हैं।
ईशान किशन RBI में काम पर लौटे: असिस्टेंट मैनेजर की जिम्मेदारी निभा रहे, फोटो वायरल; जानिए As. Manager की सैलरी

