3 हॉकी मैच में 56 गोल, वुमन्स इंडिया की जीत की हैट्रिक: एशियन गेम्स में दीपिका टॉप स्कोरर, 20 गोल किए; अगले मैच जापान और सिंगापुर से
Published:
3 min read

भारतीय वुमन्स हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के अपने शुरुआती तीनों मैच जीत लिए हैं। (फोटो- @hockey India)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय वुमन्स हॉकी टीम का शानदार खेल जारी है। ग्रुप-बी में शामिल टीम इंडिया ने अब तक तीन मैच खेले और तीनों बड़े मार्जिन से जीते हैं। खास बात यह रही है कि इन तीनों मैच में भारतीय टीम ने टोटल 56 गोल किए, जबकि सिर्फ 2 गोल खाए हैं।
टॉप-3 गोल स्कोरर भारतीय
इस बार एशियन गेम्स में वुमन्स टीम की कप्तानी सलीमा टेटे संभाल रही हैं। तीनों मैच में उन्होंने तीन ही गोल किए हैं, जबकि दीपिका सहरावत ने भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 20 गोल किए। दीपिका ड्रैग-फ्लिक स्पेशलिस्ट और फॉरवर्ड प्लेयर हैं।
टॉप-3 भारतीय गोल स्कोरर में दीपिका के बाद नवनीत कौर का नाम है, जिन्होंने अब तक 9 गोल किए हैं। उनके बाद तीसरा नाम ऋतुजा पिसल का है, जो अब तक 6 गोल कर चुकी हैं।
इंडिया के अगले दो मैचों का शेड्यूल
इस बार एशियन गेम्स के वुमन्स हॉकी में सिर्फ 12 ही टीमें हैं, जिन्हें 6-6 के दो ग्रुप में बांटा गया है। इंडिया पूल-बी में है, जिसमें उसके साथ थाईलैंड, उज्बेकिस्तान, इंडोनेशिया, जापान और सिंगापुर हैं। पाकिस्तान एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका।
ये भी पढ़ें: IPL और DPL में मैच फिक्सिंग का दावा: चेन्नई टीम के प्लेयर ने प्लेइंग-11 की जानकारी लीक की, हर मैच के 60 लाख रुपए मिले
हर ग्रुप में टीम को 5-5 मैच खेलने हैं। भारतीय टीम के 2 मैच बाकी हैं जो जापान और सिंगापुर के खिलाफ होने हैं। अगला मैच जापान से 25 सितंबर और आखिरी मैच सिंगापुर से 27 सितंबर को होगा।

टीम को दूसरे गोल्ड का इंतजार
एशियन गेम्स में वुमन्स हॉकी को 1982 में शामिल किया गया था। पहला सीजन नई दिल्ली में हुआ था, तब भारतीय वुमन्स हॉकी टीम ने गोल्ड जीता था। इसके बाद से इंडिया एक भी गोल्ड नहीं जीत सकी। हालांकि इस बीच भारतीय वुमन्स टीम ने 2 सिल्वर (1998, 2018) और 4 ब्रॉन्ज (1986, 2006, 2014, 2022) जरूर जीते हैं।

भारतीय वुमन्स हॉकी टीम
गोलकीपर: सविता पुनिया, बिचू देवी खरीबम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानु पुखरामबम, ललथंट्लुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा और दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, ऋतुजा पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग।

