वर्ल्ड कप 2027 के लिए 10 टीमों को डायरेक्ट एंट्री: वेस्टइंडीज को क्वालिफायर खेलना होगा; अफगानिस्तान, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे को भी जगह
Published:
4 min read

अफगानिस्तान टीम ने ICC ODI रैंकिंग में अपनी 8वीं पोजिशन मजबूत करते हुए वर्ल्ड कप 2027 के लिए डायरेक्ट क्वालिफाई कर लिया है। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. आयरलैंड को दो वनडे में हराने के साथ अफगानिस्तान ने अगले साल होने वाले ODI वर्ल्ड कप 2027 के लिए डायरेक्ट एंट्री कर ली है। इसके साथ ही दो बार की वर्ल्ड चैम्पियन वेस्टइंडीज को लगातार दूसरे साल क्वालिफायर खेलना होगा। अफगानिस्तान की जीत से वेस्टइंडीज ने डायरेक्ट एंट्री का चांस गंवा दिया।
दरअसल, ICC ODI रैंकिंग की टॉप-8 टीमों (मेजबान को छोड़कर) को वर्ल्ड कप में डायरेक्ट एंट्री मिलती है। अगले वर्ल्ड कप के लिए रैंकिंग की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 है। यानी इस तारीख को जो टॉप-8 टीमें होंगी वे सीधे क्वालिफाई करेंगी।
इन 10 टीमों को डायरेक्ट एंट्री
बतौर मेजबान: साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे
रैकिंग के तहत: भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान।
रैंकिंग में वेस्टइंडीज 10वें नंबर पर
फिलहाल, वेस्टइंडीज 10वें नंबर पर है। जबकि अफगानिस्तान 8वें नंबर पर काबिज है। वो अभी आयरलैंड दौरे पर 5 वनडे की सीरीज खेल रही है। पहला मैच रद्द हो गया था, जबकि अगले दो मैच अफगानिस्तान ने जीते। इसी के साथ टीम ने 8वीं पोजिशन मजबूत करते हुए वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
दूसरी ओर वेस्टइंडीज को 30 सितंबर से पहले भारतीय टीम के खिलाफ 2 वनडे खेलने हैं। अफगानिस्तान की जीत के बाद अब दोनों मैच जीतकर भी वेस्टइंडीज टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकेगी।

9 नंबर टीम बांग्लादेश को भी एंट्री
होस्ट टीम साउथ अफ्रीका रैंकिंग में चौथे नंबर पर है। बतौर मेजबान उसे डायरेक्ट एंट्री मिली है। ऐसे में 9वें नंबर की बांग्लादेश टीम को भी डायरेक्ट एंट्री मिली है। वेस्टइंडीज दोनों वनडे जीतकर 9वें नंबर पर नहीं आ सकेगी।
10वें नंबर की जिम्बाब्वे भी वर्ल्ड कप खेलेगी
अगला वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। यही वजह है कि ICC वनडे रैंकिंग में 10वें नंबर पर रहते हुए भी जिम्बाब्वे टीम को वर्ल्ड कप के लिए डायरेक्ट मिली है। साउथ अफ्रीका टॉप-5 में थी।
नामीबिया को डायरेक्ट एंट्री नहीं
को-होस्ट होने के बावजूद नामीबिया टीम को डायरेक्ट एंट्री नहीं मिली है। दरअसल, वर्ल्ड कप में डायरेक्ट एंट्री के लिए होस्ट होना ही जरूरी नहीं है। उस देश को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का फुल मेम्बर भी होना होता है।
ICC के फुल मेम्बर देश 12 हैं। यह भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और आयरलैंड।
अब वेस्टइंडीज के लिए क्या रास्ता?
वर्ल्ड कप में एंट्री के लिए अब वेस्टइंडीज को क्वालिफायर टूर्नामेंट खेलना होगा। यह फरवरी 2027 में होगा। हालांकि टूर्नामेंट कहां होगा, इसका ऐलान अभी नहीं हुआ है। वेस्टइंडीज पिछला वनडे वर्ल्ड कप 2023 भी नहीं खेल सकी थी। पहले उसे डायरेक्ट एंट्री नहीं मिली थी। फिर क्वालिफायर में यह टीम 5वें नंबर पर रही थी।
ये भी पढ़ें: हार्दिक के लिए 5 IPL टीमें दावेदार: DC से अक्षर के बदले MI की डील संभव, कोलकाता-लखनऊ को नए कप्तान की तलाश
क्वालिफायर टूर्नामेंट का फॉर्मेट
- इसमें 10 टीमें होती हैं। इसमें आखिरी नंबर की दो टीमें ICC की फुल मेम्बर (होस्ट को छोड़कर) होती हैं।
- वर्ल्ड कप लीग 2 की टॉप चार टीमें और क्वालीफायर प्लेऑफ की 4 टीमें होती हैं
- क्वालिफायर टूर्नामेंट की टॉप-4 टीमें वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी
- टॉप करने वाली टीम डायरेक्ट ODI वर्ल्ड कप के राउंड-2 एंट्री करेगी और ग्रुप मैच खेलेगी
- बाकी 3 टीमें वर्ल्ड कप से पहले एक सुपर सीरीज (ट्राई सीरीज) खेलेंगी। इसमें टॉप करने वाली टीम वर्ल्ड कप खेलेगी।

