ODI और T20I वर्ल्ड कप के फॉर्मेट बदले: छोटी टीमों को मिलेगा बेहतर मौका, T20 WC में 4-4 टीम के 5 ग्रुप; जानिए नया फॉर्मेट
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मेन्स ODI और T20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है। इसके साथ ही अब दोनों वर्ल्ड कप का कोई भी मैच हल्के में नहीं लिया जा सकेगा। नए नियमों के तहत ODI वर्ल्ड कप में Super 7 और T20 वर्ल्ड कप में Super 10 के साथ Eliminator की एंट्री होगी।
ICC का मानना है कि इससे हर मुकाबले का रोमांच बढ़ेगा। साथ ही छोटी टीमों को खुद को साबित करने का बेहतर मौका मिलेगा। इन फैसलों पर एडिनबर्ग में हुई ICC की सालाना बैठक में सहमति बनी। नवंबर में आखिरी मंजूरी मिलने के बाद नए नियम लागू होंगे।

ODI वर्ल्ड कप में क्या नया होगा?
- ODI वर्ल्ड कप में पहले की तरह 14 टीमें ही खेलेंगी, लेकिन इस बार टूर्नामेंट तीन रांउड में खेला जाएगा।
- सबसे पहले रैंकिंग में सबसे नीचे की तीन टीमें आपस में Super Series खेलेंगी। इनमें से सिर्फ एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी, जबकि बाकी दो टीमें बाहर हो जाएंगी।
- इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी और सभी टीमें अपने ग्रुप में मुकाबले खेलेंगी।
- हर ग्रुप की टॉप-3 टीमें और दोनों ग्रुप में चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एक टीम मिलाकर सात टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी।
- इस Super 7 राउंड में सभी सात टीमें एक-दूसरे से मैच खेलेंगी। इसके बाद पॉइंट्स टेबल के लिहाज से टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

T20 वर्ल्ड कप में भी बड़ा बदलाव
- 20 टीमों वाले T20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट भी बदल दिया गया है। अब पहले दौर में पांच ग्रुप होंगे और हर ग्रुप में चार-चार टीमें रहेंगी। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी।
- इसके बाद Super 10 स्टेज होगी। इसमें 10 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और हर ग्रुप में पांच-पांच टीमें होंगी।
- दोनों ग्रुप की नंबर-1 टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। जबकि दूसरे और तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमें Eliminator मुकाबले खेलेंगी। इन मैचों की विनर दो टीमें बाकी दो सेमीफाइनल की सीट हासिल करेंगी। यानी आखिरी मुकाबलों तक किसी भी टीम की उम्मीद खत्म नहीं होगी।
नई टीमों को पूरा मौका मिलेगा
ICC का मानना है कि नए फॉर्मेट से छोटी और उभरती हुई टीमों को बड़े देशों के खिलाफ ज्यादा मैच खेलने का मौका मिलेगा। इससे उनका अनुभव भी बढ़ेगा और मुकाबले पहले से ज्यादा टक्कर वाले होंगे।
2028 T20 वर्ल्ड कप का रास्ता भी तय
ICC ने 2028 T20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन का प्लान भी तय कर दिया है। जो टीमें 2026 वर्ल्ड कप से सीधे जगह नहीं बना पाएंगी, वे ग्लोबल क्वालिफायर खेलेंगी।
क्या है ICC का मकसद?
ICC चाहती है कि वर्ल्ड कप का कोई भी मैच सिर्फ औपचारिकता बनकर न रह जाए। हर मुकाबले में कुछ न कुछ दांव पर हो, ताकि खिलाड़ियों का जोश बना रहे और दर्शकों को शुरू से लेकर फाइनल तक भरपूर रोमांच देखने को मिले। नए फॉर्मेट से वर्ल्ड कप पहले से ज्यादा दिलचस्प और कड़ा होने की उम्मीद है।

