अभिषेक शर्मा की डबल सेंचुरी : पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट में 91 बॉल पर 233 रन; पारी में लगाए 25 सिक्स
Published:
2 min read

अभिषेक शर्मा ने पंजाब स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर वनडे लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट 2026-27 में तरनतारन के खिलाफ 233 रन की पारी खेली।
स्पोर्ट्स डेस्क: कुछ दिन पहले तक खराब फॉर्म को लेकर भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा के सिलेक्शन पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब उन्होंने डबल सेंचुरी लगाकर जवाब दिया है। पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट वनडे टूर्नामेंट में उन्होंने सिर्फ 91 गेंदों में 233 रन की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाजी में भी 2 विकेट लेकर अमृतसर को 220 रन से जीत दिलाई।
अभिषेक और अभय चौधरी ने पहले विकेट के लिए 305 रन जोड़े
जिम्बाब्वे दौरे पर लगातार फ्लॉप रहने वाले अभिषेक शर्मा ने अमृतसर की ओर से खेलते हुए तरनतारन के खिलाफ यह डबल सेंचुरी लगाई। इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 25 सिक्स लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 256.04 का रहा।
अभिषेक और अभय चौधरी ने पहले विकेट के लिए 305 रन की पार्टनरशिप की। अभय 93 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बाकी बल्लेबाजों ने भी तेजी से रन बनाए और अमृतसर ने 50 ओवर में 533 रन का स्कोर बना दिया।
534 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी तरनतारन की टीम 313 रन ही बना सकी। अर्शदीप सिंह ने 108 और मनप्रीत सिंह संधू ने 62 रन जरूर बनाए, लेकिन जीत बहुत दूर थी। अमृतसर ने मुकाबला 220 रन से अपने नाम कर लिया।

अभिषेक ने 2 विकेट लिए
अभिषेक ने सिर्फ बैट से ही नहीं, बल्कि बाॅल से भी कमाल किया। उन्होंने 9 ओवर में 2 विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें:बुमराह श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर: आकिब नबी को पहली बार टीम इंडिया में मौका; 15 अगस्त से खेली जाएगी सीरीज

