एक सिक्स लगाओ मैं तुम्हें IPL में ले जाउंगा: यशस्वी के माइंड गेम में फंसकर श्रीलंका के डिकवेला आउट, VIDEO वायरल
Published: Updated:
2 min read

गाले टेस्ट की चौथी पारी में यशस्वी जायसवाल ने माइंड गेम खेला और निरोशन डिकवेला को बड़ा शॉट खेलने के लिए उकसाया। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच गाले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल का एक अलग ही माइंड गेम देखने को मिला। उन्होंने श्रीलंकाई बैटर निरोशन डिकवेला को अपनी बातों में उलझाकर आउट करवाया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। मैच के पांचवें दिन (19 अगस्त) यशस्वी ने कहा कि एक सिक्स लगाओ मैं तुम्हें IPL में ले लूंगा। डिकवेला ने रिस्की शॉट खेलने से मना किया, लेकिन इसी ओवर में कैच आउट भी हुए।
यशस्वी ने डिकवेला को बड़े शॉट के लिए उकसाया
दरअसल, यह गाले टेस्ट भारतीय टीम ने 165 रन से जीतकर दो टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रीलंका ने 372 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 142 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। तब क्रीज पर डिकवेला और सोनल दिनुशा खेल रहे थे।
टीम को विकेट लेना जरूरी था। इसी दौरान यशस्वी ने माइंड गेम खेला और डिकवेला को बड़ा शॉट खेलने के लिए उकसाया। वायरल वीडियो में यशस्वी को कहते सुना जा सकता है।
दोनों प्लेयर के बीच हुई बातचीत...
सबसे पहले स्क्वायर लेग पर खड़े यशस्वी ने कहा- पहली पारी में तो बहुत सारे शॉट्स खेले थे। हमें ऐसा ही कुछ खेलकर दिखाओ।
डिकवेला: हाँ?
जायसवाल: हाँ, मैं देखना चाहता हूँ। चलो, मुझे दिखाओ। वहाँ मारो (डीप स्क्वायर लेग की तरफ इशारा करते हुए)।
डिकवेला: अभी कोई जरूरत नहीं है। मुझे IPL में ले लो, तब मारूंगा।
जायसवाल: हम लेंगे, 100% लेंगे। चलो, एक सिक्स लगाओ, मैं तुम्हें IPL में ले जाऊंगा।
डिकवेला: थैंक्यू।
इसी ओवर में डिकवेला आउट
इस बातचीत के बाद डिकवेला इसी ओवर की आखिरी बॉल पर आउट भी हुए थे। 60वां ओवर प्रसिद्ध कृष्णा ने किया था, जिसकी आखिरी बॉल पर डिकवेला ने बड़ा शॉट खेलना चाहा। इसी दौरान बैट का एज लगा और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कैच लेकर आउट किया।

