पाकिस्तान के नए बैटिंग कोच माइकल स्मिथ: कभी इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले, फर्स्ट क्लास की 159 पारी में सिर्फ 9 सेंचुरी
Published: Updated:
3 min read

माइकल स्मिथ इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड, कराची किंग्स और मुल्तान सुल्तांस के कोचिंग स्टाफ में भी शामिल रहे थे। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर माइकल स्मिथ (Michael Smith) को पाकिस्तान मेन्स टीम का नया बैटिंग कोच बनाया है। स्मिथ को दो साल के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। यानी साफ है कि वे ODI वर्ल्ड कप 2027 में भी टीम को कोचिंग देते दिखेंगे। यहां गौर करने वाली बात यह है कि माइकल स्मिथ ने अपने कॅरियर में कभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है।
ना ही उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर किसी टीम की कोचिंग की है। उन्होंने सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही खेला है। साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में 3 टीमों की कोचिंग की है। इनके अलावा कुछ और लीग्स में कोचिंग का अनुभव है।
ये भी पढ़ें: कोहली मैच को बोरिंग नहीं होने देते: गंभीर-विराट की लड़ाई पर अंपायर अनिल चौधरी बोले- मुझे पता था ये तो होगा ही
फर्स्ट क्लास की 159 पारियों में 9 सेंचुरी
घरेलू क्रिकेट में भी माइकल स्मिथ का बैटिंग रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने 89 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसकी 159 पारियों में सिर्फ 9 सेंचुरी लगाई। इसमें उन्होंने 4867 रन बनाए। राइट-हैंड बैटर स्मिथ का बेस्ट स्कोर नाबाद 205 रन रहा है। स्मिथ का फर्स्ट क्लास में एवरेज भी 33.10 का रहा।
PCB ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया है कि स्मिथ तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान टीम के बैटिंग कोच रहेंगे। पाकिस्तान को इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ 3 टेस्ट की सीरीज खेलनी है। पहला टेस्ट 19 अगस्त से होगा। स्मिथ इसी सीरीज से कमान संभालेंगे।


PSL में तीन टीमों की कोचिंग की
स्मिथ इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड (Islamabad United), कराची किंग्स (Karachi Kings) और मुल्तान सुल्तांस (Multan Sultans) के कोचिंग स्टाफ में भी शामिल रहे थे। प्रेस रिलीज में बताया है कि स्मिथ ने इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई फ्रेंचाइजी होबार्ट हरिकेन्स और क्रिकेट तस्मानिया के लिए भी कोचिंग की है।
स्मिथ से पहले पाकिस्तान टीम के बैटिंग कोच असद शफीक थे। उन्हें इसी साल बांग्लादेश सीरीज के लिए अप्रैल 2026 में नियुक्त किया गया था। वे इस समय वेस्टइंडीज सीरीज में भी बैटिंग कोच की भूमिका में हैं। अगली यानी इंग्लैंड सीरीज से असद की जगह अब स्मिथ लेंगे।

