कोहली मैच को बोरिंग नहीं होने देते: गंभीर-विराट की लड़ाई पर अंपायर अनिल चौधरी बोले- मुझे पता था ये तो होगा ही
Published: Updated:
3 min read

IPL 2013 में RCB Vs KKR मैच में आउट होने के बाद विराट कोहली और गौतम गंभीर भिड़ गए थे। अंपायर अनिल चौधरी ने बीच-बचाव भी किया था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में विराट कोहली और गौतम गंभीर के एग्रेशन से सभी वाकिफ हैं। दिल्ली से आने वाले दोनों प्लेयर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कई बार आपस में भिड़े हैं। इसको लेकर अब भारतीय अंपायर अनिल चौधरी ने बयान दिया है। अनिल भी दिल्ली के ही हैं। उन्होंने कहा कि कोहली हमेशा मैच में फुल ऑफ एक्शन रहते हैं। वे मैच को बोरिंग नहीं होने देते।
अनिल ने जियो होटस्टार के शो में यह बात कही। IPL 2013 में विराट और गंभीर के बीच कहासुनी हुई थी। उस मैच में फील्ड अंपायर रहे अनिल ने ही बीच-बचाव किया था। इस पर अनिल ने कहा कि उन्हें पता था कि ऐसा कुछ होगा, क्योंकि दोनों दिल्ली के प्लेयर हैं और हमेशा एग्रेशन में रहते हैं।
कोहली-गंभीर के झगड़े पर अनिल का रिएक्शन
दरअसल, IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच एक मैच हुआ था। मुकाबले में लक्ष्मीपति बालाजी की बॉल पर विराट कोहली कैच आउट हुए थे। तब बालाजी के एग्रेसिव स्टाइल में जश्न मनाने पर कोहली को गुस्सा आ गया था।

तब KKR टीम के कप्तान गौतम गंभीर भी बीच में आए और कोहली से भिड़ गए थे। शो में इसी लड़ाई की क्लिप दिखाई गई और अंपायर अनिल चौधरी से इसके बारे में पूछा गया। अनिल उस मैच में अंपायरिंग कर रहे थे और उन्होंने बीच-बचाव भी किया था।
ये भी पढ़ें: भारत से सीरीज के लिए बांग्लादेश बोर्ड बेताब: सरकार से पहल की मांग; सितंबर में ODI-T20I सीरीज की उम्मीद
इसकी एक लिमिट होनी चाहिए
गंभीर और कोहली के साथ अंपायर चौधरी भी दिल्ली से ही आते हैं। उन्होंने कहा- मुझे तो पता था कि यह तो होगा ही, क्योंकि हम लोग एग्रेसन में खेलते हैं। मैं लोकल क्रिकेट भी करता हूं। हमारे यहां सभी प्लेयर ऐसे ही खेलते हैं। अगर ऐसे नहीं खेलेंगे तो परफॉर्मेंस भी नहीं आएगी। टाई लगाकर बैठा देंगे तो इनका फ्लेवर ही खत्म हो जाएगा। हालांकि इसकी एक लिमिट होनी चाहिए। उससे आगे नहीं जाना चाहिए।

मैच में ऐसे खिलाड़ी होने चाहिए
अनिल चौधरी ने कहा- मैंने कोहली को बचपन से खेलते देखा है। उसका कुछ गलत इंटेंशन नहीं होता है। आप फैसला देते हैं तो वो रिएक्शन देता है। सही फैसला होने पर थम्स अप भी दिखाता है। ओवर के बीच में आकर कंधे पर हाथ रख देता है। वो मैच में फुल ऑफ एक्शन रहता है। ऐसे खिलाड़ी होने चाहिए, वरना मैच बोरिंग हो जाता है।

