मार्करम हो सकते हैं लखनऊ टीम के नए कप्तान: पंत की जगह लेने के सवाल पर कहा- लीडरशिप किसी को भी मिले, मुझे फर्क नहीं पड़ता
Published:
3 min read

एडेन मार्करम की कप्तानी में द हंड्रेड 2026 सीजन के शुरुआती दो मैच जीतने के बाद उनकी टीम MSG को अब लगातार तीसरे मैच में हार मिली है। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नए कप्तान एडेन मार्करम हो सकते हैं। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है। अब इन खबरों पर खुद मार्करम का रिएक्शन आया है। उन्होंने क्लियर कहा कि टीम में कई अच्छे लीडर हैं। किसी को भी कप्तानी दें उन्हें फर्क नहीं पड़ता।
पंत ने इसी साल कप्तानी और टीम छोड़ी
दरअसल, पिछले 2 सीजन से लखनऊ टीम की कप्तानी ऋषभ पंत संभाल रहे थे। इस बार उन्होंने कप्तानी छोड़ दी। साथ ही वे ट्रेड के जरिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम में चले गए हैं। पंत के बदले लखनऊ टीम ने दिल्ली से कुलदीप यादव को लिया है। ऐसे में लखनऊ टीम में कप्तान की जगह खाली है।
दूसरी ओर एडेन मार्करम साउथ अफ्रीका की T20 टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। इसके अलावा विदेशी लीग में RPSG ग्रुप यानी सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी की दूसरी टीमों की कप्तानी भी संभाल रहे हैं। ऐसी ही एक टीम द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स भी है।

लखनऊ टीम में टीम में कई बेहतरीन लीडर
द हंड्रेड के दौरान ही मार्करम से सवाल पूछा गया कि क्या वे लखनऊ टीम के अगले कप्तान होंगे? क्या वे ऋषभ पंत की जगह लेंगे? इसके जवाब में उन्होंने ESPNCricinfo से कहा- फिलहाल मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वे (फ्रेंचाइजी के ऑनर) जिसे ठीक समझें, उसे कप्तानी दे सकते हैं। हमारी टीम में कई बेहतरीन लीडर हैं। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
ये भी पढ़ें: भारत से सीरीज के लिए बांग्लादेश बोर्ड बेताब: सरकार से पहल की मांग; सितंबर में ODI-T20I सीरीज की उम्मीद
मार्करम ने कहा- जिस किसी को भी कप्तानी मिलेगी, मुझे विश्वास है कि वो अपनी इस जिम्मेदारी को बेहतरीन तरीके से निभाएगा। फिलहाल, मैंने इस (कप्तानी) बारे में ज्यादा कुछ नहीं सोचा है।

मार्श और पूरन भी दावेदार
लखनऊ टीम में ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान निकोलस पूरन भी हैं। मार्करम के अलावा यह दोनों भी मजबूत दावेदार हैं। इसके अलावा फ्रेंचाइजी अगले IPL ऑक्शन में भी किसी प्लेयर को खरीद कर नया कप्तान बना सकती है।
मार्करम इस समय द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (MSG) की कप्तानी कर रहे हैं। सीजन के शुरुआती दो मैच जीतने के बाद उनकी टीम MSG को अब लगातार तीसरे मैच में हार मिली है। नॉकआउट में पहुंचने के लिए उन्हें अपने बाकी बचे तीनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।

