टीम इंडिया आज श्रीलंका रवाना होगी: 7 अगस्त को प्रैक्टिस मैच, 15 को सीरीज का पहला टेस्ट; देखें स्क्वॉड
Published:
3 min read

भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। (फाइल फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर 3 टी20 की सीरीज 3-0 से जीती है। अब टीम इंडिया अब अपनी अगली सीरीज श्रीलंका के खिलाफ उसी घर में खेलेगी। दोनों टीम के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। इससे ठीक पहले एक प्रैक्टिस मैच भी होगा। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम मंगलवार (4 अगस्त) की रात को श्रीलंका के लिए रवाना होगी।
भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा। यह सीरीज WTC 2025-27 का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: कोहली मैच को बोरिंग नहीं होने देते: गंभीर-विराट की लड़ाई पर अंपायर अनिल चौधरी बोले- मुझे पता था ये तो होगा ही

टीम चार्टर्ड प्लेन से कोलंबो रवाना होगी
श्रीलंका दौरे पर जाने वाले सभी भारतीय प्लेयर्स को मुंबई आने के लिए कहा गया है। यहां से सभी प्लेयर्स एक साथ चार्टर्ड प्लेन से कोलंबो के लिए रवाना होंगे। हालांकि यह क्लियर नहीं है कि साई सुदर्शन भी टीम के साथ अभी रवाना होंगे या बाद में टीम से जुड़ेंगे।
साई सुदर्शन को फिटनेस साबित करने की शर्त पर टीम में सिलेक्ट किया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ भी यही स्थिति थी, लेकिन वे फिट नहीं होने के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। सोर्स की मानें तो साई सुदर्शन एक हफ्ते बाद टीम को जॉइन करेंगे।
4 स्पिनर भी बतौर नेट बॉलर जाएंगे
क्रिकबज के मुताबिक, टीम इंडिया के साथ बतौर नेट बॉलर 4 स्पिनर भी जा रहे हैं। यह फिंगर स्पिनर तनुष कोटियन, हर्ष दुबे और लेग स्पिनर विपराज निगम के साथ शिवांग कुमार हैं। कोटियन को नेट्स में भारतीय ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को प्रैक्टिस करवाते हुए भी देखा गया है।
टीम इंडिया का शेड्यूल
7 अगस्त से - 3 दिवसीय प्रैक्टिस मैच
15 से 19 अगस्त - पहला टेस्ट
23 से 27 अगस्त - दूसरा टेस्ट

श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, आकिब नबी, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
सितंबर में 3 सीरीज और एशियन गेम्स भी
भारतीय टीम को अगस्त में सिर्फ 2 टेस्ट ही खेलने हैं, लेकिन सितंबर में शेड्यूल काफी टाइट रहेगा। इस महीने भारतीय टीम 3 बाइलेटरल सीरीज और एशियन गेम्स खेलेगी। टाइट शेड्यूल का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि सितंबर में इंडिया की 2 टीमें एक साथ अलग-अलग जगह खेलेंगी।
एक टी20 टीम होगी, जो एशियन गेम्स खेलेगी। दूसरी वनडे टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेगी। दोनों टीम के कोच भी अलग होंगे। एशियन गेम्स में टीम इंडिया के कोच की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण निभाएंगे, जबकि वेस्टइंडीज सीरीज में गौतम गंभीर ही हेड कोच रहेंगे।

