भारतीय टीम को दो हफ्ते का आराम: अगस्त में 2 टेस्ट; सितंबर में 3 सीरीज और दो टीमें
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर 3 टी20 की सीरीज 3-0 से जीती है। अब टीम इंडिया को करीब दो हफ्ते का आराम मिला है। इसके बाद भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीम के बीच 2 टेस्ट की सीरीज होगी। खास बात यह है कि अगस्त में भारतीय टीम को काफी आराम रहेगा।
सितंबर में 3 सीरीज और एशियन गेम्स भी
उसे इस महीने सिर्फ 2 टेस्ट ही खेलने हैं, लेकिन सितंबर में टीम इंडिया का शेड्यूल काफी टाइट रहेगा। इस महीने भारतीय टीम 3 बाइलेटरल सीरीज और एशियन गेम्स खेलेगी। टाइट शेड्यूल का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि सितंबर में इंडिया की 2 टीमें एक साथ अलग-अलग जगह खेलेंगी।
एक टी20 टीम होगी, जो एशियन गेम्स खेलेगी। दूसरी वनडे टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेगी। दोनों टीम के कोच भी अलग होंगे। एशियन गेम्स में टीम इंडिया के कोच की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण निभाएंगे, जबकि वेस्टइंडीज सीरीज में गौतम गंभीर ही हेड कोच रहेंगे।

टीम इंडिया का सितंबर में टाइट शेड्यूल...
- सितंबर के पहले 2 हफ्ते में बांग्लादेश दौरे पर 3 टी20 और 3 वनडे की सीरीज हो सकती है। इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
- इसके बाद अफगानिस्तान टीम इंडिया को होस्ट कर सकता है। दोनों के बीच 3 टी20 हो सकते हैं। यह सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा सकते हैं।
- 19 सितंबर से जापान में एशियन गेम्स होंगे। टी20 फॉर्मेट में क्रिकेट इवेंट भी होगा, जिसमें भारतीय टीम उतरेगी।
- 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे की घरेलू सीरीज होगी।

एशियन गेम्स सितंबर-अक्टूबर में
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट भी शामिल किया गया है। टूर्नामेंट सितंबर-अक्टूबर में जापान की मेजबानी में खेला जाएगा। यह एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होंगे। टूर्नामेंट में क्रिकेट इवेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा।
Asian Games के लिए भारतीय स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।

