टीम इंडिया की फील्डिंग जिम्बाब्वे से भी खराब: सीरीज में 10 कैच छोड़े, जिम्बाब्वे ने सिर्फ 1; तीसरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों से 5 कैच ड्रॉप
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम इस समय खराब फील्डिंग के चलते आलोचनाएं झेल रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। इस सीरीज में टीम इंडिया की फील्डिंग जिम्बाब्वे से भी खराब रही है। तीन मैच की सीरीज में जिम्बाब्वे ने सिर्फ 1 ही कैच ड्रॉप किया था। जबकि भारतीय टीम ने इस सीरीज में 10 कैच छोड़े।
आखिरी यानी तीसरे टी20 में भारतीय खिलाड़ियों ने 5 कैच ड्रॉप किए। हालांकि अच्छी बैटिंग और बॉलिंग के चलते टीम इंडिया ने यह सीरीज अपने नाम की।
टीम इंडिया ने 28 में से 18 कैच लिए
इस सीरीज में जिम्बाब्वे टीम की कैच लेने की काबिलियत 92.3% रही, जबकि भारतीय टीम की 64.2% ही रही। तीनों मैच में इंडिया के पास 28 कैच आए, जिसमें से 18 लिए गए। जबकि 10 कैच ड्रॉप हुए।
दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम है, जो भले ही सीरीज हार गई, लेकिन उसकी फील्डिंग शानदार रही। जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों के पास 13 कैच आए, जिसमें से उन्होंने 12 लिए और सिर्फ एक ही ड्रॉप किया।

यश के ओवर में 3 कैच ड्रॉप
यश ठाकुर संयुक्त रूप से पहले भारतीय बॉलर बन गए हैं, जिनकी बॉल पर किसी एक T20I में सबसे ज्यादा 3 कैच छूटे हैं। इससे पहले 5 बार ऐसा हुआ है, जब किसी एक T20I में किसी भारतीय प्लेयर की बॉलिंग पर 3 कैच छूटे हैं।
तीसरे T20I में किसने कैच छोड़े
3.2 ओवर: यश ठाकुर की बॉल पर मयंक ने फाइन लेग पर कैच ड्रॉप किया
6.2 ओवर: अशोक शर्मा की बॉल पर विकेटकीपर ईशान ने कैच छोड़ा
14.1 ओवर: यश की बॉल पर कवर पर खड़े तिलक आसान कैच नहीं ले सके
15.2 ओवर: मयंक यादव की बॉल पर वैभव ने बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर कैच ड्रॉप किया
18.1 ओवर: यश की बॉल पर सब्स्टीट्यूट फील्डर हर्ष दुबे ने मिड-विकेट पर कैच छोड़ा

आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज में भी टीम इंडिया ने कैच छोड़े
इससे पहले आयरलैंड ने भारतीय टीम को टी20 सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। भारतीय टीम की इस हार में एक बड़ी वजह कैच ड्रॉप भी रही थी।
दोनों मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने 3-3 कैच ड्रॉप किए थे। जबकि आयरलैंड ने दोनों मैच में सिर्फ 4 कैच ड्रॉप किए थे। यही वजह थी कि टीम इंडिया को इतनी बुरी हार मिली। यदि दोनों मैच में कैच लिए जाते तो रिजल्ट कुछ और हो सकता था।
आयरलैंड के बाद इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 5 टी20 की सीरीज में भारतीय टीम ने 10 से ज्यादा कैच छोड़े थे। इस सीरीज में इंग्लैंड ने 4-0 से हराया था।

