श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित: जडेजा की वापसी, सारांश को पहली बार मौका; बुमराह को फिटनेस साबित करनी होगी
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम घोषित कर दी है। मंगलवार (28 जुलाई) को घोषित इस टेस्ट टीम में स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी मौका मिला है। उनकी 8 महीने बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
दूसरी ओर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बैटर साई सुदर्शन को भी स्क्वॉड में जगह मिली है, लेकिन इन दोनों को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। दोनों को BCCI COE से फिटनेस क्लियरेंस लेना होगा, उसके बाद ही सीरीज में खेल सकेंगे। स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे। वे सिर्फ दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।
सारांश को पहली बार मौका
साथ ही 33 साल के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला है। सारांश ने हाल ही में इंडिया-ए के श्रीलंका दौरे पर दो मैचों में 6 विकेट लिए और नाबाद 70 रन भी बनाए थे। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की उनकी काबिलियत उन्हें प्लेइंग-11 के लिए भी मजबूत दावेदार बनाती है।
श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
अगस्त खेली जाएगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा। यह सीरीज WTC 2025-27 का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
WTC पॉइंट्स टेबल में भारत और श्रीलंका कहां
फिलहाल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम 5वें और श्रीलंका छठवें नंबर पर हैं। भारतीय टीम ने अब तक 9 टेस्ट खेले हैं। इसमें से 4 जीते, 4 हारे और 1 ड्रॉ रहा।
श्रीलंका ने 3 टेस्ट में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ हासिल की। श्रीलंका का जीत प्रतिशत (PCT) 44.44 है। श्रीलंका हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी से हार गया था, जिससे उसे पॉइंट टेबल में नुकसान हुआ। अब भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत करके वह अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा।

