सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान का खतरा: 6 महीने से मिल रहे धमकी भरे लेटर में लिखा- फैमिली को खत्म कर देंगे
Published: Updated:
2 min read

सौरव गांगुली इस समय क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के प्रेसिडेंट हैं। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को 6 महीने से लगातार जान से मारने की धमकी वाले लेटर मिल रहे हैं। BCCI के पूर्व प्रेसिडेंट गांगुली ने इसको लेकर पुलिस में शिकायत भी की है। लेटर में लिखा है कि गांगुली और उनके परिवार को खत्म कर देंगे।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हाल ही में दो धमकी भरे लेटर और मिले हैं। इसके बाद गांगुली के पर्सनल असिस्टेंट ने ठाकुरपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।
गांगुली के परिवार को खत्म करने की धमकी
यह लेटर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली के ऑफिस में आए हैं। दर्ज शिकायत के मुताबिक, यह लेटर इंग्लिश में लिखे गए हैं, जिसमें अभद्र और उग्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें सौरव गांगुली के परिवार को खत्म करने की धमकी दी है।
फैमिली सोर्स की मानें तो गांगुली पहले इन धमकियों को सीरियस नहीं ले रहे थे। उन्हें लग रहा था कि कोई पर्नसल नाराजगी के चलते ऐसा कर रहा है, लेकिन लगातार धमकियां मिलने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है।

ये भी पढ़ें: 5 साल में 17 भारतीयों का टेस्ट डेब्यू: इसमें 5 पेसर, 3 विकेटकीपर और एक स्पिनर; केएस भरत रिटायर हो चुके
मोबाइल नंबर से ट्रेक करने की कोशिश
गांगुली की ओर से राज्य सरकार के सुरक्षा विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह लेटर 24 उत्तर परगना जिले के बेलघारिया से किसी व्यक्ति ने कोरियर के जरिए भेजा।
लेटर पर भेजने वाले का मोबाइल नंबर भी लिखा था, जिसके जरिए पुलिस उसे ट्रेक करने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर ही है कि जिस व्यक्ति का यह मोबाइल नंबर पर है, क्या सच में उसी ने लेटर भेजा है या इसके पीछे कोई साजिश है।

