बस में उतरते समय फिसले रोहित शर्मा: सुरक्षाकर्मियों ने संभाला, कोहली भी हैरान दिखे; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टीम के साथ होटल लौट रहे थे। इसी दौरान बस में उतरते समय सीढ़ियों पर फिसल गए।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ बस में एक हादसा हो गया। हालांकि शुक्र है कि वे इसमें बाल-बाल बच गए। रोहित वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे खेलकर टीम के साथ बस से होटल लौट रहे थे। इसी दौरान उतरते समय वे बस में सीढ़ियों पर फिसल गए।
दूसरी ओर विराट कोहली पहले ही उतरकर आगे चले गए थे। उन्होंने जब यह सुना तो पीछे मुड़े और हैरान नजर आए। इससे पहले सुरक्षाकर्मियों ने दौड़कर रोहित को संभाल लिया। अच्छी बात यही रही कि रोहित को कोई चोट नहीं आई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पहले वनडे में रोहित का परफॉर्मेंस
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में रोहित शर्मा ने ओपनिंग करते हुए 35 बॉल पर 32 रन की पारी खेली। इस दौरान 3 सिक्स और 2 चौके लगाए। रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन अल्जारी जोसेफ की 141 kph की रफ्तार वाली बॉल पर हवाई शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। डीप मिडविकेट पर रोहित का कैच ज्वेल एंड्रयू ने लिया।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
ये भी पढ़ें: इंडिया-पाकिस्तान एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में: बारिश के चलते दोनों के मैच रद्द, अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग बाहर
टीम इंडिया ने 41.4 ओवर में मैच जीता
मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद वेस्टइंडीज टीम ने 7 विकेट पर 295 रन बनाए। जस्टिन ग्रीव्स ने 101 और जॉन कैंपबेल ने 62 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए स्पिनर कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को 2 और नीतीश रेड्डी को 1 विकेट मिला।
इसके जवाब में भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवाकर 41.4 ओवर में 300 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान गिल ने 108 बॉल पर 110 रन बनाए। जबकि कोहली ने 139 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों के बीच 151 रन की पार्टनरशिप हुई।
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय ODI स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान-विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।

