रोहित को नहीं खिलाना चाहते सिलेक्टर्स: रिपोर्ट्स- BCCI इस बात से खफा, श्रीलंका सीरीज के बाद मामला सुलझाने के लिए मीटिंग
Published: Updated:
3 min read

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के पहले दो वनडे में 11 और 26 रन बनाए थे। तीसरे मैच में 138 रन की शतकीय पारी खेली थी। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट की सीरीज खेल रही है। इसी बीच रोहित शर्मा को खिलाने या बाहर करने को लेकर सिलेक्शन कमेटी और BCCI अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। दूसरी ओर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर का कार्यकाल भी सितंबर 2026 में खत्म हो रहा है, जिसे BCCI एक साल बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, इन सभी मुद्दों को लेकर श्रीलंका सीरीज के बाद BCCI की एक बोर्ड मीटिंग होगी। इस दौरान अजित अगरकर से पूछा जाएगा कि क्या वे एक साल का कार्यकाल बढ़वाने के मूड में हैं या नहीं। दोनों की रजामंदी के बाद कोई फैसला लिया जाएगा।
रोहित शर्मा सिर्फ ODI खेल रहे
मीटिंग का दूसरा बड़ा मुद्दा रोहित शर्मा का सिलेक्शन है। दरअसल, रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सिलेक्शन कमेटी रोहित को टीम से हमेशा के लिए बाहर करने के मूड में है। इसी साल जुलाई में इंग्लैंड दौरे के बाद ही सिलेक्टर्स ने इसकी जानकारी रोहित को भी दे दी थी।
हिटमैन ने पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से रिटायरमेंट ले लिया है। वे सिर्फ ODI खेल रहे हैं। सिलेक्टर्स ने रोहित से साफ कहा था कि वे अब आगे सभी वनडे सीरीज में उनकी जगह बतौर ओपनर यशस्वी जायसवाल या दूसरे यंग प्लेयर को देखते हैं।

सेक्रेटरी के बयान से सिलेक्टर्स नाराज
इसी बीच BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने इसके उलट अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब तक रोहित प्लानिंग का हिस्सा रहेंगे वे खेलते रहेंगे।
रिपोर्ट की मानें तो सैकिया के इस बयान से भी सिलेक्टर्स नाराज हैं, क्योंकि वे रोहित को अपना प्लान बता चुके थे उसके बाद सेक्रेटरी का बयान आया।
रोहित को वेस्टइंडीज सीरीज में मौका मिल सकता है
दूसरी ओर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित हैं जो वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक टीम के लिए खेलना चाहते हैं। उनका सपना यह वर्ल्ड कप जीतना है। यही वजह है कि हिटमैन ने इंग्लैंड सीरीज के दौरान BCCI के कुछ अधिकारियों से बात की थी। उन्हें बताया था कि वे खेलना चाहते हैं और सिलेक्टर्स उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं। वे इस बात से खुश नहीं हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के पहले दो वनडे में रोहित ने 11 और 26 रन बनाए थे। तीसरे मैच में 138 रन की शतकीय पारी खेली थी। BCCI सोर्स की मानें तो इस सेंचुरी और बड़े अधिकारी से बात के चलते रोहित को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भी सिलेक्ट किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: 2036 ओलिंपिक भारत में हो: लाल किले से PM मोदी ने कहा- टैलेंट हंट कैम्पेन चलेगा, 5-10 साल के बच्चों पर फोकस करेंगे

