मैं, मेरा क्रिकेट और मेरी फैमिली: इन 3 पर फोकस कर रहे पृथ्वी शॉ, कहा- सोशल मीडिया से दूर, अब सिर्फ हार्ड वर्क करना है
Published: Updated:
4 min read

पृथ्वी शॉ IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम का हिस्सा थे। उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर पृथ्वी शॉ 5 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले। उन्होंने आखिरी बार टीम इंडिया के लिए मैच जुलाई 2021 में खेला था। इस दौरान वे अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी सुर्खियों में रहे हैं। अब इस प्लेयर ने सबकुछ बदलने का फैसला किया है। पृथ्वी शॉ ने कहा- मैं सिर्फ खुद पर, अपने क्रिकेट और अपनी फैमिली पर ही फोकस कर रहा हूं।
पृथ्वी शॉ ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। वे पहले से ज्यादा मेहनत कर रहे हैं। उनका फोकस अब सिर्फ हार्ड वर्क पर और टीम में वापसी करने पर है।
पैपराजी काफी परेशान करते हैं
26 साल के इस ओपनर ने कहा- मैं पहले से कहीं ज्यादा मेहनत कर रहा हूं। जाहिर सी बात है, मैं सोशल मीडिया पर अब ज्यादा एक्टिव नहीं हूं। मैं अपने आप पर मेहनत कर रहा हूं। मेरे लिए अब सिर्फ मैं, मेरा क्रिकेट और मेरी फैमिली ही है। इस वक्त मैं सिर्फ इन तीन चीजों पर ही फोकस कर रहा हूं। बाकी सभी से दूर रहने की कोशिश है।
उन्होंने कहा- दरअसल होता ये है कि पैपराजी वगैरह काफी परेशान करते हैं। यही वजह है कि मुझे अब बाहर जाना पसंद नहीं है। मेरा पर्सनल स्पेस है। आप मुझे तो जानते ही हैं कि मैं कैसा हूं और क्या पसंद करता हूं। हो सकता है कि कुछ लोगों को यह अच्छा लगे और कुछ को न लगे। जब मैं अपनी पर्सनल लाइफ में रहता हूं तो मुझे अपने आसपास कैमरे बिल्कुल पसंद नहीं आते।

ये भी पढ़ें: 2027 वर्ल्ड कप के टिकट्स की हाई डिमांड: 12 दिन में 142 देश से डेढ़ करोड़ एप्लीकेशन; इंडिया Vs पाकिस्तान 3 मैच संभव
वीडियो गेम खेलना पसंद
पृथ्वी शॉ इस समय अपने होटल के रूम में ही समय बिताकर खुश हैं। प्रैक्टिस के बाद वे यहीं शाम बिताते हैं। कभी कभी नेटफ्लिक्स देखते हैं और प्ले स्टेशन पर गेम खेलते हैं।
उन्होंने कहा- मैं GTA और FIFA खेलता हूँ। FIFA अच्छा खेलता हूं। ऑनलाइन गेम भी खेलता हूं। मैं टेकेन और क्रिकेट भी खेलता हूं। क्रिकेट में मेरा अपना 'कॅरियर मोड' है, जहाँ मैं खुद को ही एक खिलाड़ी के तौर पर सिलेक्ट करता हूं। मैं यदि असल जिंदगी में जीरो या छोटे स्कोर पर आउट होता हूं, तो गेम में जाकर 400 या 500 रन बना लेता हूं। इससे मुझे एक तरह का मोटिवेशन मिलता है।
पृथ्वी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं
पृथ्वी शॉ IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम का हिस्सा थे। उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। खराब फिटनेस और फॉर्म की वजह से वह लंबे समय से टीम इंडिया से भी बाहर हैं। हाल ही में पथ्वी ने कहा था- मैं कमबैक के लिए पहले से तीन गुना ज्यादा मेहनत कर रहा हूं। यह ब्रेक मेरे लिए जरूरी था। अब मैं पहले से ज्यादा मजबूत होकर लौटना चाहता हूं।
पृथ्वी शॉ आखिरी बार भारतीय टीम के लिए जुलाई 2021 में खेले थे। उन्होंने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 खेला है। इस दौरान टेस्ट में 339 और ODI में 189 रन बनाए। अकेले टी20 में खाता नहीं खोल सके थे।
ये भी पढ़ें: IPL में नटराजन को 5.75 करोड़ का नुकसान: सनराइजर्स ने दिल्ली से ट्रेड किया, बदले में स्पिनर जीशान की DC में एंट्री

