पाकिस्तानी कप्तान सना के बाद ओपनर को सजा: गुल फिरोजा पर मैच फीस का 10% फाइन, एक डिमेरिट पॉइंट भी; अंपायर के फैसले पर असहमति जताया था
Published: Updated:
3 min read

हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ गुल फिरोजा LBW आउट हुई थीं। उन्होंने आउट होने के बाद अंपायर की ओर बैट से ईशारा किया था। वे बताना चाह रही थीं कि बॉल उनके बैट से लगकर पैट से लगी थी। (फोटो- ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स एशिया कप 2026 में नियमों के उल्लंघन के चलते पाकिस्तान टीम के दूसरे खिलाड़ी को सजा मिली है। पहले कप्तान फातिमा सना पर फाइन लगा था, अब ओपनर गुल फिरोजा को सजा मिली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फिरोजा पर मैच फीस का 10% फाइन लगाया है। साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया।
अंपायर के फैसले पर असहमति जताई
दरअसल, पाकिस्तान ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 7 सितंबर के मैच खेला था, जिसमें जीत हासिल की थी। मुकाबले में पाकिस्तान की पारी के दौरान 5वें ओवर में गुल फिरोजा LBW आउट हुई थीं।
इस टूर्नामेंट में DRS लागू नहीं है। ऐसे में फील्ड अंपायर के फैसले को चुनौती नहीं दी गई और गुल फिरोजा को पवेलियन लौटना पड़ा। उन्होंने आउट होने के बाद अंपायर की ओर बैट से ईशारा किया था। वे बताना चाह रही थीं कि बॉल उनके बैट से लगकर पैट से लगी थी।
फिरोजा ने गलती और सजा स्वीकार की
हालांकि यह अंपायर के फैसले से असहमति जताना होता है। यह आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन है। यह नियम इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है। फिरोजा ने गलती स्वीकार की और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया।
10% फाइन के साथ फिरोजा के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में उनके डिमेरिट पॉइंट की संख्या 2 हो गई है। यदि किसी खिलाड़ी के दो साल में चार डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं तो उसे एक टेस्ट या दो सीमित ओवर वाले मैचों से सस्पेंड कर दिया जाता है।
फातिमा को भी सजा मिली थी
इससे पहले टीम इंडिया के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद बाहर जाने का इशारा किया था। तब ICC ने फातिमा पर मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया था।
साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा था। फातिमा को यह सजा ICC कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के उल्लंघन के लिए मिली। वैसे पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला श्रीलंका से होगा।

